UP News : होटल में रात में अंगीठी जलाकर सोए थे पांचों दोस्त, सुबह नहीं खुली किसी की भी आंखें।
UP News : सहारनपुर से कुरुक्षेत्र गए पांच दोस्तों की होटल के रूम के अंदर संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पांचों रात को कमरा बंद करके सोए थे। सुबह कमरा खोला गया तो पांचों के शव अंदर से निकले। प्राथमिक पड़ताल में पता चला है कि रात में इन्होंने कमरे में अंगीठी जलाई थी। कमरे में कोई खिड़की भी खुली हुई नहीं थी। ऐसे में माना जा रहा कि दम घुटने से पांचों दोस्तों की मौत हुई है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर होटल रूम से पांचों के शव निकालकर उन्हे पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और सहारनपुर में इनके परिजनों को खबर कर दी। परिजनों को खबर मिली तो कोहराम मच गया। इन सभी के परिवार वाले कुरुक्षेत्र के लिए दौड़ पड़े। प्राथमिक पड़ताल में पता चला कि ये पांचों रंगाई-पुताई का काम करते हैं। मरने वालों में दो सगे भाई भी हैं। मरने वालों में चार एक ही गांव के हैं। जब गांव में खबर पहुंची तो पूरे गांव में मातम पसर गया।
सहारनपुर की कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव शेखपुरा कदीम के रहने वाले ठेकेदार नूर के साथ उसका भाई सोनू और सोनू के दोस्त मदनपाल, रोशनपाल और रामकुमार काम के लिए कुरुक्षेत्र गए थे। ये सभी पांचों पेंटर का काम करते हैं। पांचों घर से खुशी-खुशी निकले थे कि नए साल पर पैसा कमाकर लौटेंगे लेकिन नए साल से पहले इनकी मौत की खबर पहुंच गई। मरने वालों में दो सगे भाई होने के साथ-साथ दो जीजा-साला हैं और एक अन्य है। मरने वालों में शेखपुरा कदीम निवासी 26 वर्षीय नूर जो ठेकेदार है। इसके अलावा 30 वर्षीय सोनू, 42 वर्षीय मदनपाल, 45 वर्षीय रोशनपाल और 46 वर्षीय रामकुमार शामिल हैं।
सोमवार रात इन्होंने पीपली रोड पर एक होटल का रूम किराए पर लिया था। रात के समय इन्होंने कमरे में अंगीठी सुलगाई और सो गए। इसके बाद मंगलवार सुबह इनका रूम नहीं खुला। सुबह तक भी जब कोई कमरे से बाहर नहीं आया तो होटल के स्टाफ ने रुम खटखटाया लेकिन कोई जवाब नहीं आया। इसके बाद सारा स्टाफ इकट्ठा हो गया। होटल स्वामी को लगा कि कुछ गड़बड़ है तो उसने पुलिस को फोन कर दिया। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो दरवाजा तुड़वाया गया। अंदर का नजारा हैरान कर देने वाला था। पांचों रूम के अंदर पड़े हुए थे लेकिन किसी भी सांस नहीं चल रही थी। मरने वालों में नूर और सोनू सगे भाई हैं। नूर की शादी पांच महीने पहले ही हुई थी। सोनू की शादी करीब तीन साल पहले हो गई थी लेकिन सोनू को कई संतान नहीं है। इनके दो बड़ी बहनें हैं, दोनों की शादी हो चुकी है। रोशनपाल और रामकुमार आपस में जीजा-साला हैं।
पांचों ने सर्दी से बचने के लिए रात में होटल के रूम के अंदर अंगीठी सुलगाई थी। रूम में बाहर की हवा आने-जाने के लिए कोई जगह नहीं थी। ऐसे में यही माना जा रहा है कि रूम की ऑक्सीजन बर्न हो गई और सांस नहीं मिलने से इनकी मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।