सहारनपुर

Weather News: सहारनपुर में लगातार बरसात से बरसाती नदियां उफान पर, अलर्ट जारी

weather news पहाड़ी इलाकों में हो रही लगातार बरसात से सहारनपुर में बरसाती नदियां उफान पर हैं इससे शाकम्भरी क्षेत्र जलमग्न हो गया है और घाड़ क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।
2 min read
Saharanpur weather
सहारनपुर के शाकंभरी खोल में आया पानी फोटो पत्रिका

Weather News पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही लगातार बरसात से सहारनपुर में बरसाती नदियां उफान पर आ गई है। शाकम्भरी खोल में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। यहां तेज बहाव के साथ शाकम्भरी सिद्धपीठ क्षेत्र में पानी भर गया है। प्रशासन ने हालातों को देखते हुए अलर्ट जारी किया है। श्रद्धालुओं से अपील की जा रही है कि वह अगले दो दिन तक मंदिर परिसर की ओर ना जाएं। रास्तों पर भी नाकाबंदी की गई है। इसके साथ-साथ यहां आस-पास के गावों के लोगों को भी अलर्ट किया जा रहा है।

रविवार रात अचानक आया पानी

सहारनपुर का शाकम्भरी क्षेत्र उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्र से सटा हुआ है। ऐसे में जब उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बरसात होती है तो पहाड़ियों से पानी सहारनपुर की ओर आता है। यही कारण है कि रविवार मध्यरात्रि यहां अचानक पानी का तेज बहाव आ गया। इससे बरसाती नदियां उफान पर आ गई है। पानी की रफ्तार इतनी अधिक थी कि मंदिर परिसर के आस-पास लगी अस्थाई दुकानें बह गई। गनीमत रही कि अचानक आए पानी की चपेट में आकर कोई हताहत नहीं हुआ। समय रहते लोगों को यहां अलर्ट कर दिया गया था।

दर्जनों गांवों का संपर्क टूटा

घाड़ क्षेत्र में अचानक बरसाती नदियों के उफान पर आने और लगातार हो रही बरसात की वजह से दर्जनों का गांंवों का संपर्क मुख्यालय से टूट गया है। यहां रास्तों में पानी भर गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वह आवश्यक कार्य होने पर ही घरों से बाहर निकले। इसके साथ-साथ ही लोगों से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने की अपील की गई है।

किसी भी एमरजेंसी में 112 पर करे कॉल

ग्रामीणों से प्रशासन ने अपील की है कि किसी भी तरह एमरजेंसी होने पर तुरंत 112 पर कॉल करें। पुलिस प्रशासन ग्रामीणों से संपर्क बनाए हुए है। इसके लिए लगातार गश्त भी जा रही है। स्थानीय लोगों से बार-बार यहीं अपील की जा रही है कि वह बेहद आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलें और अपने पड़ोसियों के संपर्क करें।

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

लगातार हो रही बरसात के बीच मौसम विभाग ने अगले एक दिन लगातार बरसात की आशंका जताई है। इससे हालात और गंभीर बने हुए हैं। स्थानी लोगों में डर बना हुआ है कि यदि लगातार इसी तरह से बरसात होती रही तो हालात और अधिक गंभीर हो सकते हैं। मौसम विभाग ने सहारनपुर के साथ-साथ शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर और मेरठ में लगातार बरसात की आशंका जताई है।