यूपी के सहारनपुर में संतान न होने से परेशान 35 वर्षीय युवक ने आधी रात को तंत्र-मंत्र का खेल किया। तांत्रिक के कहने पर वह रात में खेत में तंत्र क्रिया करने गया था।
Saharanpur News: संतान की चाह में अक्सर लोग कड़े से कड़े कदम उठाते हैं। सिर्फ 1 बच्चे के लिए कभी-कभी लोग ऐसे काम करते हैं, जिसे सुन आम लोग हैरान-परेशान हो जाते हैं। ऐसा ही एक मामला यूपी के सहारनपुर में देखने को मिला है। साथ ही इस घटना ने लोगों को झकझोर दिया है। रामपुर मनिहारान थाना क्षेत्र के लंढ़ौरा गुर्जर गांव में 35 वर्षीय दलित युवक की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। युवक संतान न होने की वजह से बहुत परेशान था और अंधविश्वास में पड़कर तंत्र-मंत्र की क्रिया में शामिल हो गया। परिवार वाले इसे साजिश बता रहे हैं। पुलिस जांच कर रही है।
युवक सतनाम की शादी को करीब 10 साल हो चुके थे, लेकिन कोई संतान नहीं हुई। इस वजह से वह और उसकी पत्नी लंबे समय से तनाव में थे। उन्होंने डॉक्टरों से इलाज करवाया, कई जगह घूमे, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। दवाइयों के साथ-साथ उन्होंने झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र का भी सहारा लिया। गांव में एक व्यक्ति खुद को तांत्रिक बताता था। वह संतान प्राप्ति का वादा करता था। सतनाम का संपर्क इसी तांत्रिक से हुआ।
परिवार वालों के अनुसार, तांत्रिक के कहने पर सतनाम बुधवार की देर रात करीब ढाई बजे खेत में तंत्र क्रिया करने गया। वहां वह काफी देर तक रहा। जब बहुत देर तक घर नहीं लौटा, तो परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने खोजबीन शुरू की। खेत में सतनाम गंभीर हालत में बैठा मिला। वह ठंड से बहुत कांप रहा था और बोल भी नहीं पा रहा था। परिवार वाले उसे तुरंत घर ले आए। घर पहुंचते ही सतनाम ने पानी मांगा। पानी पीने के थोड़ी देर बाद उसकी हालत अचानक बहुत बिगड़ गई। कुछ ही समय में उसकी मौत हो गई। पूरे परिवार में कोहराम मच गया।
परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। परिवार का कहना है कि गांव में तंत्र-मंत्र और झाड़-फूंक के नाम पर लोग लंबे समय से गुमराह हो रहे हैं। वे इसे महज संयोग नहीं मानते। उनका आरोप है कि यह एक साजिश हो सकती है। उन्होंने तांत्रिक की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की और हंगामा भी किया।
CO ने बताया कि परिजनों के सभी आरोपों की गंभीरता से जांच हो रही है। शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत का असली कारण पता चलेगा। पुलिस हर पहलू पर ध्यान रखते हुए पूछताछ कर रही है।