समस्तीपुर

मुजफ्फरपुर बालिका गृह दुष्कर्म मामला:मुख्य आरोपी ब्रजेश के समस्तीपुर ठिकानों पर छापा

पुलिस सूत्रों ने बताया कि वृद्धाश्रम में मंगलवार को की गई छापेमारी का नेतृत्व डीडीसीपी ने खुद किया...
2 min read
• •
Updated: 7 Aug 2018, 7:46 PM IST
patrika news
patrika news

(पत्रिका ब्यूरो,पटना): बालिका गृह यौन शोषण मामले के किंगपिन ब्रजेश ठाकुर के समस्तीपुर स्थित वृद्धाश्रम में छापेमारी की गई। मनोरमा लेन स्थित वृद्धाश्रम उसकी मां के नाम पर है।


पुलिस सूत्रों ने बताया कि वृद्धाश्रम में मंगलवार को की गई छापेमारी का नेतृत्व डीडीसीपी ने खुद किया। इसके संचालन में कई अनियमितताओं का पता चला बताया जा रहा है। बता दें कि राज्य सरकार ने बालिका गृह मामले की जांच सीबीआई को सौंपी है। जांच एजेंसी के काम शुरु करते ही सभी ठिकानों पर पुलिस की दबिश बढ़ने लगी है। इसे इस रूप में भी देखा जा रहा है कि अब तक पुलिस इन मामलों में चुप रहते हुए अब अचानक सक्रियता दिखाने लगी तो इसके पीछे कोई और राज तो नहीं है।


इस बीच ब्रजेश की राजदार मधु के ठिकानों पर पुलिस लगातार दबिश दे रही है। वह ब्रजेश के गिरफ्तार होने के समय से ही गायब है। उसके पति ने इस बाबत खुलासा किया है कि नशे और ब्रजेश की दीवानी मधु से उसके संपर्क पिछले पंद्रह वर्षों से नहीं हैं।

बता दें कि सरकार की ओर से अनुशंसा करने के बाद मुजफ्फरपुर बालिका गृह रेप कांड की जांच सीबीआई को सौंपी गई थी। मामले की जांच की कमान अपने हाथ में लेने के बाद सीबीआई ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी थी और इस मामले में पुलिस भी पुरा सहयोग कर रही है। सोमवार को सीबीआई की टीम मामले की जांच करने के लिए बिहार पहुंची। यहां आकर ब्रजेश ठाकुर के रसूख को जानकर सीबीआई टीम हैरत में पड़ गई क्योंकि आरोपी जेल की जगह अस्पताल में आराम फरमा रहा था। सीबीआई ने एक गाइडलाइन बना कर कई चीजों को तलाश करना शुरू किया। इधर पीआईबी की टीम भी सोमवार को बिहार पहुंच गई और मुजफ्फरपुर शेल्टर होम के साथ ही उस उर्दू अख़बार के आॅफिस का भी दौरा किया जिसे ब्रजेश ठाकुर चलाता था।

Published on: