
मंदिर में पूजा-अर्चना करते मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी। फोटो- X- @samrat4bjp
Ram Lalla Idol Theft समस्तीपुर। अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी और बद्रीनाथ धाम में चढ़ावे के प्रबंधन में सामने आई अनियमितताओं ने बड़े मंदिरों में दान व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दोनों मामलों में जांच और जवाबदेही की मांग तेज हो गई है। इस बीच बिहार में समस्तीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र के चकोटी मठ स्थित 24 अवतार धाम मंदिर की घटना से सभी को चौंका दिया है। दरअसल यहां करोड़ों की चोरी हुई है।
बता दें कि 24 अवतार धाम मंदिर से चोरों ने दो सौ वर्ष पुरानी रामलला की अष्टधातु की मूर्ति समेत करोड़ों के सोने तथा चांदी के आभूषण चोरी कर लिए हैं। पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि जिले के चकोटी मठ स्थित 24 अवतार धाम में चोरों ने दरवाजा खोलकर प्रवेश किया और वहां रखें अष्टधातु की दो सौ वर्ष पुरानी रामलला की मूर्ति चोरी कर ली। इसके साथ ही चोरों ने राम एवं लक्ष्मण के धनुष-बाण, लक्ष्मी माता का सोने का हार और चांदी का मुकुट सहित अन्य कीमती समान चोरी कर ली है। चोरी की गई सोने-चांदी के आभूषणों की कीमत करोड़ों रुपए बताई गई है।
गौरतलब है कि पिछले 24 जून को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस मठ परिसर स्थित 24 अवतार धाम में पूजा अर्चना की थी। महंत रामसेवक दास शास्त्री का कहना है कि हमेशा की तरह शनिवार को शाम की आरती के बाद मंदिर को बंद कर दिया गया था। इसके बाद रविवार सुबह जब पूजा-अर्चना के लिए मंदिर को खोला गया तो ताला खुला हुआ मिला था। गर्भगृह से राम लाल की 200 साल पुरानी अष्टधातु की मूर्ति गायब है, जिसकी कीमत करोड़ों में होगी। उनका कहना है कि चार अलग-अलग दान पेटी से भी लाखों रुपए चोरी हो चुके हैं। वहीं सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस का कहना है कि मंदिर में रहने वाले लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
आपको बता दें कि समस्तीपुर जिले के खानपुर प्रखंड की कानू विशनपुर पंचायत में स्थित चकोटी मठ बिहार के प्रमुख धार्मिक स्थलों में गिना जाता है। करीब 200 वर्ष पुराने इस मठ को क्षेत्र की महत्वपूर्ण धार्मिक धरोहर माना जाता है। साल 2012 से महामंडलेश्वर राम सेवक दास महाराज यहां धार्मिक गतिविधियों और पूजा-अर्चना का संचालन कर रहे हैं। जून 2026 में मठ परिसर में 11 दिवसीय विष्णु महायज्ञ का आयोजन हुआ था, जिसमें समस्तीपुर के साथ आसपास के कई जिलों से हजारों श्रद्धालु पहुंचे थे। 24 जून 2026 को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने यहां बने '24 अवतार धाम' मंदिर का उद्घाटन किया।
इसी दौरान भगवान विष्णु के 24 अवतारों की विग्रह प्रतिमाओं की प्राण-प्रतिष्ठा भी कराई गई। '24 अवतार धाम' को बिहार का पहला ऐसा मंदिर बताया जाता है, जहां भगवान विष्णु के 24 अवतारों को एक ही परिसर में स्थापित किया गया है। उद्घाटन के बाद से यह मंदिर श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है और बड़ी संख्या में लोग यहां दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। हाल ही में जिस गर्भगृह में प्राण-प्रतिष्ठा का अनुष्ठान हुआ था, वहीं से अष्टधातु की प्राचीन मूर्तियां चोरी होने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है और मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।
Updated on:
12 Jul 2026 03:34 pm
Published on:
12 Jul 2026 03:34 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
