
पटना एनकाउंटर
समस्तीपुर में बुधवार सुबह कुख्यात अपराधी प्रिंस पुलिस एनकाउंटर में घायल हो गया। बिहार में लगातार तीसरे दिन पुलिस मुठभेड़ की घटना सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, उजियारपुर पुलिस को मंगलवार रात गुप्त सूचना मिली थी कि प्रिंस किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा है और इसके लिए भगवानपुर देसवा गांव में अपने साथियों के साथ बैठक कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम इलाके में पहुंची और घेराबंदी शुरू कर दी।
पुलिस को देखते ही प्रिंस ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें प्रिंस के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया।
पटना पुलिस ने मंगलवार सुबह कैश वैन से 27 लाख रुपये की लूट मामले के मुख्य आरोपी नीतीश कुमार को पुलिस एनकाउंटर में घायल कर दिया। पटना एसएसपी के मुताबिक, लूटकांड के बाद सिटी एसपी (ईस्ट) के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था, जिसने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई जगहों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सूरज पांडेय, आदित्य और रवि कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी नीतीश कुमार की घेराबंदी की। इसी दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से नीतीश कुमार घायल हो गया। सोमवार सुबह भी पटना पुलिस ने शिक्षक को गोली मारने वाले आरोपी पुलिस मुठभेड़ में जख्मी हो गया है। घायल अपराधी की पहचान संदीप उर्फ बादल के रूप में हुई है। पुलिस की ओर से की गई जवाबी फायरिंग में वह घायल हो गया।
सीवान में “ऑपरेशन लंगड़ा” के तहत पुलिस ने 40 लाख रुपये के सोना लूटकांड के एक आरोपी को मुठभेड़ में गोली मार दी थी। गोली आरोपी के पैर को आर-पार कर गई। घायल आरोपी की पहचान सिसवन थाना क्षेत्र के चांदपुर घुरघाट निवासी श्रीनिवास सिंह के 26 वर्षीय बेटे अंकित कुमार सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अंकित कुमार सिंह 6 मई को जीरादेई थाना क्षेत्र के जामापुर बाजार स्थित एक ज्वेलरी दुकान में हुई करीब 40 लाख रुपये की लूट की घटना में शामिल था।
Updated on:
20 May 2026 09:22 am
Published on:
20 May 2026 09:09 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
