15 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मौत के मुंह में फंसी थीं 5 जिंदगियां! बच्चों को लेकर पटरी पर लेटी रही मां, ऊपर से गुजर गई पूरी ट्रेन; वीडियो वायरल

Shahpur Patori railway station Viral Video: बिहार के शाहपुर पटोरी रेलवे स्टेशन पर रेलवे ट्रैक पार करते समय अचानक आई मालगाड़ी के बीच 5 जिंदगियां फंस गईं, लेकिन एक मां ने अपनी सूझबूझ से सबकी जान बचा ली। अब इस घटना का एक किडीओ सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

2 min read
Google source verification
SHAHPUR PATORI VIRAL VIDEO

शाहपुर पटोरी रेलवे स्टेशन पर बाल बाल बचीं 5 जिंदगियां (वायरल वीडियो स्क्रीन ग्रैब)

Shahpur Patori railway station Viral Video: बिहार के समस्तीपुर जिला में शाहपुर पटोरी रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार की दोपहर एक ऐसी घटना घटी, जिसने ममता की नई परिभाषा लिख दी। स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर ट्रैक पार करते समय अचानक आई मालगाड़ी और पांच जिंदगियों के बीच मां ढाल बन गई। सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद लोग इसे कुदरत का करिश्मा बता रहे हैं।

रेलवे लाइन पार करते समय हुआ हादसा

यह घटना उस समय हुई जब तीन महिलाएं अपने दो मासूम बच्चों के साथ प्लेटफॉर्म नंबर दो पर रेलवे लाइन पार करने की कोशिश कर रही थीं। इसी दौरान अचानक एक तेज रफ्तार मालगाड़ी उसी ट्रैक पर आ गई। प्लेटफॉर्म ऊंचा होने और ट्रेन की रफ्तार तेज होने के कारण भागने का कोई रास्ता नहीं बचा था। बस कुछ ही सेकंड की देरी का मतलब होता पांचों जिंदगियों का अंत। स्टेशन पर मौजूद यात्री यह देखकर चीखने-चिल्लाने लगे, लेकिन तभी उस मां ने ने कुछ ऐसा किया जिसकी कल्पना करना भी मुश्किल है।

बच्चों को सीने से लगा मां ने बचाई जान

ट्रेन को देख घबराने के बजाय, उस मां ने तुरंत अपने दोनों बच्चों को कसकर अपनी छाती से लगा लिया और दूसरी दो महिलाओं को पटरियों और प्लेटफॉर्म के बीच की पतली सी जगह में चिपक जाने को कहा। मां ने खुद भी बच्चों को अपने नीचे छिपा लिया और पटरी एवं प्लेटफॉर्म के बीच ढाल बन गई। वह जानती थी कि अगर उनके शरीर का कोई भी हिस्सा जरा सा भी आगे खिसका, तो गुजरती हुई ट्रेन उन्हें काट देगी।

धड़धड़ाती हुई गुजर गई पूरी ट्रेन

अगले कुछ मिनट मौत और जिंदगी के बीच की सबसे लंबी जंग के थे। पूरी मालगाड़ी धड़धड़ाती हुई पटरी से गुजर गई और ये पांचों लोग प्लेटफॉर्म से चिपके रहे। इस दौरान ट्रेन के कुछ हिस्से मां के शरीर से भी टकराए। ट्रेन के पहियों की गड़गड़ाहट और हवा का तेज दबाव मौत का अहसास करा रहा था, लेकिन मां ने बच्चों को अपनी बाहों में कसकर जकड़े रखा। जब ट्रेन पूरी तरह गुजर गई, तो यात्रियों ने दौड़कर उन्हें बाहर निकाला। पांचों जिंदगियां सुरक्षित थीं। मां को रगड़ लगने के कारण चोटें आईं, लेकिन बच्चे और अन्य महिलाएं पूरी तरह सुरक्षित थे।

वायरल हुआ वीडियो

स्टेशन पर मौजूद कुछ यात्रियों ने इस खौफनाक मंजर को अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि ट्रेन गुजर जाने के बाद भी महिलाएं और बच्चे कैसे सुरक्षित बच निकले। लोग उस महिला की सूझबूझ की जमकर तारीफ कर रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।