समस्तीपुर

Samastipur: छठ घाट पर अचानक तनी पिस्टल, महिलाओं ने नहीं मानी हार; ईंट-पत्थरों से घिरी नाव, दो युवक पुलिस के हवाले

Samastipur Chhath Ghat Incident: समस्तीपुर के विभूतिपुर में छठ घाट पर नाव लगाने को लेकर विवाद के बाद एक युवक ने छठ व्रतियों और लोगों पर पिस्टल तान दी। विरोध के बाद आरोपी फरार हो गया, जबकि दो लोगों को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
2 min read
• •
Updated: 16 Nov 2026, 3:35 PM IST
Samastipur Chhath Ghat Incident
छठ घाट पर अचानक तनी पिस्टल

Samastipur Chhath: बिहार के समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर में छठ पूजा के दौरान उस वक्त हड़कंप मच गया, जब नाव से घाट पर पहुंचे एक युवक ने छठ व्रतियों और वहां मौजूद लोगों की ओर पिस्टल तान दी। हथियार देखकर घाट पर मौजूद लोगों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी जरूर मची, लेकिन लोगों ने पीछे हटने के बजाय विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते नाव पर ईंट-पत्थर बरसने लगे।

घटना बेलसंडी टारा तीनमुहानी घाट की बताई जा रही है। सोमवार सुबह करीब पांच बजे तीन लोग नाव से खानपुर की तरफ से घाट पहुंचे थे। उस समय बड़ी संख्या में छठ व्रती महिलाएं घाट पर पूजा की तैयारियों में जुटी थीं।

नाव लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद

बताया जा रहा है कि नाव सवार लोग उसी जगह नाव लगाने की कोशिश कर रहे थे, जहां महिलाएं पूजा कर रही थीं। घाट पर मौजूद लोगों ने उन्हें वहां नाव नहीं लगाने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। इसी दौरान पैंट-कोट पहने एक युवक ने कथित तौर पर पिस्टल निकालकर छठ व्रती महिलाओं और घाट पर मौजूद लोगों की तरफ तान दी। अचानक हथियार निकलने से वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।

महिलाओं और लोगों ने किया विरोध

पिस्टल ताने जाने के बावजूद घाट पर मौजूद लोगों ने युवक के सामने झुकने के बजाय उसका विरोध शुरू कर दिया। लोगों ने नाव की तरफ ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। भीड़ का आक्रोश बढ़ता देख नाव पर सवार लोगों में अफरा-तफरी मच गई।स्थिति बिगड़ती देख पिस्टल लहराने वाला युवक नाव से कूद गया और मौके से फरार हो गया। अंधेरे और भीड़ का फायदा उठाकर वह भागने में सफल रहा।

दो युवक पकड़े गए, नाबालिग को पुलिस ने छोड़ा

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नाव पर मौजूद दो अन्य लोगों को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने पूछताछ के बाद इनमें से एक नाबालिग को छोड़ दिया है।नाविक के मुताबिक, उसे पैसे देकर नाव चलाने के लिए कहा गया था और यात्रियों को दूसरी तरफ ले जाने के लिए कहा गया था। नाव पर सवार लोगों की पूरी भूमिका को लेकर पुलिस जांच कर रही है।

वीडियो सामने आने के बाद जांच तेज

घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें घाट पर हुए हंगामे और नाव से जुड़े घटनाक्रम की तस्वीरें दिखाई दे रही हैं। पुलिस वीडियो और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर पिस्टल लहराने वाले युवक की पहचान और उसके ठिकाने का पता लगाने में जुटी है।

बताया जा रहा है कि आरोपी खानपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी उसकी पहचान और विवाद की असली वजह को लेकर आधिकारिक तौर पर पूरी जानकारी सामने नहीं आई है। पकड़े गए युवकों से पूछताछ के साथ फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।

Updated on:
16 Nov 2026, 3:35 PM IST
Published on: