सम्भल

ईरान चले जाओ, यहां छाती पीटी तो इलाज होगा: संभल CO की सड़क पर नमाज पढ़ने वालों को खुली चेतावनी

Sambhal News: संभल में अलविदा जुमा और ईद से पहले हुई पीस कमेटी की बैठक में सीओ कुलदीप कुमार ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि ईरान-इजराइल जैसे अंतरराष्ट्रीय मुद्दों के नाम पर शहर की शांति भंग करने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।

3 min read
Mar 12, 2026
संभल CO की सड़क पर नमाज पढ़ने वालों को खुली चेतावनी | Image - FB/@SambhalPolice

CO Warning Namaz Sambhal: अलविदा जुमा और ईद के त्योहार से पहले संभल में कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी सिलसिले में असमोली क्षेत्र में आयोजित पीस कमेटी की बैठक में पुलिस क्षेत्राधिकारी कुलदीप कुमार ने सख्त लहजे में लोगों को चेतावनी दी। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी अंतरराष्ट्रीय विवाद के नाम पर शहर का माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई तो पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी।

ये भी पढ़ें

पति-पत्नी का ‘गंदा खेल’: अश्लील वीडियो बनाकर ऐसे करते थे ब्लैकमेल, पुलिस ने बिछाया जाल और चढ़ गए हत्थे!

अंतरराष्ट्रीय विवादों को लेकर माहौल न बिगाड़ने की अपील

सीओ कुलदीप कुमार ने बैठक के दौरान कहा कि कुछ लोग ईरान और इजराइल के बीच चल रहे विवाद को लेकर यहां अनावश्यक बहस और प्रतिक्रिया दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर किसी को इतना ही दर्द है तो वह वहां जाकर लड़ाई लड़ सकता है, लेकिन भारत की शांति और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी। उनका कहना था कि अंतरराष्ट्रीय मुद्दों से आम नागरिकों का कोई सीधा संबंध नहीं है और इन मामलों को सरकारें ही देखती हैं।

अगर इतनी ही चिंता है तो ईरान चले जाओ

बैठक के दौरान सीओ ने तीखे शब्दों में कहा कि कुछ लोग यहां बैठकर दूसरे देशों की घटनाओं पर छाती पीटते हैं और माहौल को भड़काने की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा कि भारत से एक विमान ईरान में फंसे भारतीयों को वापस लाने के लिए जा रहा है, जो लोग वहां के हालात से इतने प्रभावित हैं वे उसी विमान से जाकर वहां की तरफ से लड़ सकते हैं। सीओ ने कहा कि भारत में रहने वाले लोगों को अपने देश की शांति और सौहार्द बनाए रखने पर ध्यान देना चाहिए।

सड़क पर नमाज पढ़ने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

सीओ कुलदीप कुमार ने नमाज के दौरान व्यवस्था बनाए रखने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि मस्जिदों में जगह कम पड़ने की स्थिति में कई बार लोग सड़कों पर नमाज पढ़ने लगते हैं, जिससे यातायात और कानून व्यवस्था प्रभावित होती है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अगर कोई सड़क पर नमाज पढ़ते हुए पाया गया तो पहले समझाया जाएगा, लेकिन उसके बाद भी व्यवस्था भंग हुई तो मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने में देर नहीं लगेगी।

नारेबाजी और विदेशी मुद्दों के समर्थन पर होगी कार्रवाई

बैठक में सीओ ने यह भी स्पष्ट किया कि नमाज या किसी भी धार्मिक आयोजन के दौरान किसी दूसरे देश के समर्थन या विरोध में नारेबाजी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर ईरान-इजराइल विवाद या किसी अन्य अंतरराष्ट्रीय मुद्दे को लेकर यहां नारे लगाए गए या प्रदर्शन किया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

विवादित पोस्टर और स्लोगन बनाने वालों पर भी नजर

सीओ कुलदीप कुमार ने कहा कि पुलिस केवल नारे लगाने वालों या प्रदर्शन करने वालों पर ही नहीं बल्कि उन जगहों पर भी कार्रवाई करेगी जहां ऐसे विवादित पोस्टर या स्लोगन तैयार किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि शहर की फिजा खराब करने की कोशिश करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा और जिम्मेदार लोगों को भी सतर्क रहना होगा।

सोशल मीडिया रील बनाने वालों को भी दी सख्त चेतावनी

बैठक में सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव का जिक्र करते हुए सीओ ने इंस्टाग्राम और अन्य प्लेटफॉर्म पर रील बनाने वाले युवाओं को भी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि कई लोग लाइक और व्यूज के लिए अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भड़काऊ बातें बोल देते हैं और अफवाहें फैलाते हैं। ऐसी हरकतों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अगर कोई व्यक्ति सोशल मीडिया के जरिए माहौल बिगाड़ने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

शांति और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील

सीओ कुलदीप कुमार ने बैठक में मौजूद लोगों से अपील की कि ईद और अलविदा जुमा जैसे त्योहार आपसी प्रेम और भाईचारे के प्रतीक हैं। इसलिए इन अवसरों पर किसी भी प्रकार की कड़वाहट या विवाद पैदा नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी लोग अपने-अपने क्षेत्रों में जिम्मेदारी निभाएं और ऐसा कोई काम न होने दें जिससे शहर का माहौल खराब हो।

Also Read
View All

अगली खबर