सम्भल

संभल में भीषण हादसे में 4 लोगों की मौत, 9 घायल, कार और टेंपो की हुई टक्कर

Sambhal Road Accident : संभल में एक भीषण हादसा हो गया। इस हादसे में 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 9 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
2 min read
Mar 22, 2026
Feature image
संभल में सड़क हादसे में 4 लोगों की मौत, PC- X

आगरा-मुरादाबाद नेशनल हाईवे पर रविवार की शाम एक तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने खुशियों भरे परिवारों को मातम में बदल दिया। धनारी थाना क्षेत्र के उधरनपुर गांव के पास हुए इस भीषण सड़क हादसे में एक युवती और महिला समेत 4 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 9 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। टक्कर इतनी भयावह थी कि टेंपो लोहे का ढेर बन गया और उसमें सवार चीख-पुकार मच गई। पुलिस और 108 एंबुलेंस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बहजोई सीएचसी पहुंचाया, जहां से 5 की नाजुक हालत देख उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

ओवरटेक बना हादसे की वजह

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, अर्टिगा कार जिला मुख्यालय बहजोई से बरवाला की ओर बेहद तेज गति में जा रही थी। उधरनपुर के पास कार चालक ने आगे चल रहे एक वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की, तभी कार अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे सवारियों से लदे टेंपो में जा घुसी। टेंपो की बॉडी पिचककर आधी रह गई और उसमें सवार महिलाएं व बच्चे लहूलुहान होकर सड़क पर बिखर गए। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया।

'10 मिनट बाद घर पहुंच जाते'

इस हादसे ने कई परिवारों की कमर तोड़ दी है। घायलों में शामिल रजनी की मां प्रवेश ने बिलखते हुए बताया कि वे दिल्ली में रेहड़ी लगाकर गोलगप्पे बेचते हैं और काफी समय बाद गांव लौट रहे थे। घर से महज 10 मिनट की दूरी पर मौत ने उनका रास्ता रोक लिया। हादसे में 14 वर्षीय रजनी की मौत हो गई, जबकि पिता ओमपाल, मां प्रवेश और दो छोटे भाई-बहन अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं।

वहीं, मृतक राजेश (20) के पिता कल्लू का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि उनका इकलौता बेटा गंगा स्नान के लिए घर से निकला था। अगले महीने राजेश की शादी होने वाली थी, घर में खुशियों की तैयारी चल रही थी, लेकिन अब वहां केवल मातम पसरा है।

मरने वालों में राजेश (20), रजनी (14), किशोरी (40) और एक अज्ञात महिला शामिल है। वहीं गंभीर घायलों में ओमपाल (35), प्रवेश (32), सलोनी (7), कुलदीप (2), शौकीन (32), रजनीश (20) और कार सवार घायल, प्रियांशु (14) और कृपाल (35) शामिल हैं।

सीसीटीवी की जांच कर रही पुलिस

हादसे की गंभीरता को देखते हुए सीओ बहजोई डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अब हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है ताकि दुर्घटना के सही कारणों और कार की गति का सटीक अंदाजा लगाया जा सके। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर हाईवे से हटा दिया है।

Updated on:
22 Mar 2026 09:03 pm
Published on:
22 Mar 2026 09:00 pm