
संभल: कोतवाली क्षेत्र के गांव में रविवार को उस समय हडकंप मच गया जब एक मासूम का शव उसके घर की छत से बरामद हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेज जांच शुरू कर दी है। वहीँ घटना के सम्बन्ध में परिजनों से पूछताछ की। अभी तक हत्या की वजह पता नहीं चल सकी है।
छत पर मिला शव
गांव मुबारकपुर निवासी देवेन्द्र कुमार के घर में वैवाहिक समारोह था,सब लोग उसी में व्यस्त थे। तभी उनका आठ वर्षीय बेटा मयंक अचानक लापता हो गया। परिजनों ने उसे काफी तलाश किया। लेकिन दो ढाई घंटे तक कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद किसी ने छत पर जाकर देखा तो वहां मयंक का शव पड़ा था। जिसे देखते ही सभी के होश उड़ गए। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी और शव पोस्टमार्टम को भिजवाया।
हत्या की आशंका
परिजनों ने किसी से रंजिश से इनकार किया है। वहीँ इंस्पेक्टर धर्मपाल सिंह के मुताबिक परिजनों ने तहरीर नहीं दी है। बच्चे की मौत स्वाभाविक नहीं है। पोस्टमार्टम के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्यवाही की जायेगी।
हर कोई हैरान
उधर परिजनों के साथ ही गांव वाले भी मासूम की मौत से हैरान हैं। किसी को समझ नहीं आ रहा कि आखिर किसी ने बच्चे को क्यों मारा।