सम्भल

हां, मैंने बहन को मार डाला है, भाई ने कत्ल के बाद खुद ही घुमाया 112 नंबर

संभल में गैर समुदाय के युवक से प्रेम प्रसंग से गुस्साए भाई ने बहन की हत्या कर दी। इतना ही नहीं हत्या के बाद आरोपी ने खुद डायल 112 पर कॉल कर कत्ल की सूचना दी।

2 min read
Feb 20, 2026
हत्यारोपी जाने आलम

हां… मैंने बहन को मार डाला है। आधी रात थाने में फोन पहुंचा, तो पुलिस कर्मी भी सन्‍न रह गए। पुलिस कर्मी गांव पहुंचे तो एक तरफ चारपाई पर 18 साल क रूपजहां की लाश पड़ी थी, दूसरी तरफ पिता नौशे आलम के चेहरे पर न तो बेटी को खोने का गम, न ही कातिल बेटे के जेल जाने का डर।

ये भी पढ़ें

कचहरी के पास टेम्पो से उड़ गए जेवर-नकदी, महिला ने बीच सड़क किया हंगामा, चालक पर चोरी का आरोप

'गांव में निकलना कर दिया था मुश्किल'

पिता नौशे आलम ने बताया कि मेरी बेटी ने मेरा नाक कटवा दिया। लोग ताने मारने लगे थे। गांव में निकलना मुश्किल हो गया था। मैंने उसे बहुत समझाया। कहा कि समाज भी कोई चीज होता है, रिश्तेदारी भी देखनी पड़ती है। लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ी रही। दो दिन पहले वह उस लड़के के साथ चली गई। बाद में दोनों थाने पहुंचे, जहां पंचायत भी बैठी। वहां भी उसने साफ कह दिया कि वह हमारे साथ घर नहीं लौटेगी। वह उसी लड़के के साथ अमरोहा में उसकी रिश्तेदारी में चली गई।

घर आने के बाद भी जिद पर अड़ी रही

हमारी हालत खराब हो गई थी। लोग तरह-तरह की बातें बना रहे थे। आखिरकार ग्राम प्रधान की मदद से किसी तरह उसे समझाकर घर लाए। हमें लगा कि अब सब ठीक हो जाएगा। लेकिन घर आने के बाद भी वह उसी लड़के के साथ रहने की जिद करती रही। वह कहती रही कि वह उसी से शादी करेगी। घर में रोज इसी बात को लेकर झगड़ा होने लगा। माहौल इतना बिगड़ गया कि हम समझ नहीं पा रहे थे क्या करें। गुरुवार की रात फिर से इसी बात पर बहस हुई। गुस्से और बदनामी के डर में बेटे ने आपा खो दिया। उसने दुपट्टे से अपनी ही बहन का गला घोंट दिया। इसके बाद उसने खुद पुलिस को फोन किया और कहा कि उसने अपनी बहन की हत्या कर दी। पूछताछ के बाद पुलिस ने भाई जाने आलम को गिरफ्तार कर लिया है।

अब आइए जानते है क्या है पूरा मामला

संभल मतावली पट्टी जग्गू गांव का नौशे मजदूरी का काम करता है। नौशे की बेटी रूपजहां का पिछले एक साल से गांव के ही शिवम सैनी से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों छिपकर मिलते थे। शिवम का परिवार रिश्ते के लिए तैयार था, लेकिन रूपजहां का परिवार इसका विरोध कर रहा था। बुधवार को रूपजहां प्रेमी के साथ घर से चली गई और असमोली थाने पहुंचकर खुद को बालिग बताते हुए सुरक्षा की मांग की। पुलिस ने दोनों परिवारों को बुलाकर बातचीत कराई। रूपजहां ने साफ कहा कि वह शिवम के साथ रहना चाहती है। इसके बाद पुलिस ने उसे प्रेमी के साथ भेज दिया।

परिवार को यह फैसला मंजूर नहीं था। आरोप है कि बड़े भाई जाने आलम ने पिता के साथ मिलकर उसे बहाने से घर बुलाया। घर पहुंचने पर समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपने फैसले पर अड़ी रही। इसके बाद भाई ने दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Updated on:
20 Feb 2026 04:07 pm
Published on:
20 Feb 2026 03:58 pm
Also Read
View All

अगली खबर