
धनतेरस, दीपावली और छठ पूजा से पहले संतकबीरनगर में पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ ही पुलिसकर्मियों की तैनाती में फेरबदल किया है। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने शुक्रवार देर रात स्थानांतरण सूची जारी कर एक निरीक्षक, आठ उपनिरीक्षक और 16 पुलिसकर्मियों समेत कुल 25 पुलिसकर्मियों का तबादला किया है। पुलिस लाइन में तैनात कई पुलिसकर्मियों को थानों और चौकियों पर नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
स्थानांतरण सूची के अनुसार उपनिरीक्षक वीरेंद्र कुमार यादव को पुलिस चौकी पौली से थाना धनघटा में निरीक्षक अपराध बनाया गया है। नंदू को चौकी जगदीशपुर से चौकी कांटे भेजा गया है, जबकि प्रभांशू कुमार राय को चौकी कांटे से पुलिस लाइन भेजा गया है। राहुल कुमार यादव को पुलिस लाइन से चौकी जगदीशपुर, देवव्रत शर्मा को चौकी गौसपुर से चौकी पौली और जावेद खान को साइबर क्राइम थाने से चौकी गौसपुर भेजा गया है।
इसी क्रम में सुरेश यादव को पुलिस लाइन से चौकी बिड़हरघाट और अवधेश कुमार त्रिपाठी को चौकी बिड़हरघाट से चौकी तामेश्वरनाथ भेजा गया है। मुख्य आरक्षी विजय कुमार सिंह को पुलिस लाइन से थाना बखिरा और सचिदानंद कनौजिया को थाना मेंहदावल में तैनाती दी गई है। आरक्षी भीम कुमार को भी थाना बखिरा भेजा गया है।
तरकुलवा गांव में पुलिस और आरएएफ ने किया पैदल मार्च
उधर, त्योहारों के मद्देनजर शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) ने बखिरा थाना क्षेत्र के तरकुलवा गांव में पैदल गश्त की। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मेहदावल के क्षेत्राधिकारी सर्व दवन सिंह के नेतृत्व में अधिकारियों और जवानों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। गश्त में क्षेत्राधिकारी विद्या किशोर (पीटीएस जालौन), अख्तर कसब (सीतापुर), राजकुमार सिंह (सिद्धार्थनगर) और कुलदीप सिंह (यातायात बस्ती) भी शामिल रहे।
इस दौरान विभिन्न ड्यूटी पॉइंट का निरीक्षण कर वहां तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस के मुताबिक संवेदनशील स्थानों, मूर्ति स्थापना स्थलों और विसर्जन मार्गों पर ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है। इन मार्गों पर पड़ने वाले मकानों की छतों पर भी नजर रखी जा रही है। पुलिस बल पैदल गश्त कर लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करने के साथ ही अराजक तत्वों पर नजर रख रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।