
गिरफ्तार (फोटो सोर्स- istock)
Sant Kabir Nagar Abduction Case Update: उत्तर प्रदेशके संत कबीर नगर में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए विवाद के बाद युवक के अपहरण के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। बखिरा थाना क्षेत्र के अमरडोभा इलाके से लापता हुए विशाल कुमार को पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। इस मामले में पुलिस ने सांसद प्रतिनिधि और जिला पंचायत सदस्य समेत 4आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से नकदी, मोबाइल फोन और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं। वहीं मामले में नया खुलासा भी हुआ है।
मामला बखिरा थाना क्षेत्र के अमरडोभा इलाके का है। यहां गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान विशाल कुमार का कुछ लोगों से विवाद हो गया था। इसके बाद विशाल ने संबंधित लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस के मुताबिक, इसी शिकायत को लेकर आरोपियों और विशाल के बीच रंजिश चल रही थी। शिकायत दर्ज कराने के कुछ समय बाद रविवार को विशाल कुमार संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। इसके बाद उसके भाई ने जिला पंचायत सदस्य, सांसद प्रतिनिधि समेत चार लोगों के खिलाफ अपहरण और SC/ST एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया।
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने विशाल कुमार की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीमों को अलग-अलग स्थानों पर लगाया गया। करीब 12 घंटे के भीतर पुलिस को विशाल की लोकेशन के संबंध में जानकारी मिली। पुलिस अधीक्षक संदीप मीना के अनुसार, पुलिस टीम को कांटे के पास खलीलाबाद से बस्ती की ओर जा रही एक अर्टिगा कार दिखाई दी। पुलिस ने कार को घेरकर उसकी तलाशी ली। इसी दौरान कार से विशाल कुमार को सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस ने मौके से 4 आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विश्वकेतु यादव निवासी कदमा, जिला पंचायत सदस्य; अशोक यादव निवासी परसोहिया; धर्मेंद्र यादव निवासी बभनी, सांसद पप्पू निषाद के प्रतिनिधि और जितेंद्र यादव निवासी हरिबंशपुर, बस्ती के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 42,620 रुपये नकद और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसके अलावा विशाल कुमार से संबंधित 15 महत्वपूर्ण दस्तावेज भी पुलिस के हाथ लगे हैं।
पुलिस के मुताबिक, बरामद दस्तावेजों में विशाल कुमार के हस्ताक्षर और फोटो वाले शपथ पत्र, आवेदन पत्र और आधार कार्ड समेत कुल 15 महत्वपूर्ण दस्तावेज शामिल हैं। पुलिस अब इन दस्तावेजों और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले की आगे की जांच कर रही है।
पुलिस अधीक्षक संदीप मीना के अनुसार, गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान सांसद के साथ हुए विवाद के बाद विशाल कुमार द्वारा दर्ज कराए गए एससी/एसटी मुकदमे को लेकर रंजिश थी। पुलिस का दावा है कि इसी रंजिश में विशाल के अपहरण की कथित साजिश रची गई थी। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की कथित योजना विशाल कुमार से जबरन नोटरी और शपथ पत्रों पर हस्ताक्षर कराने की थी। इसके बाद उसकी हत्या कर शव को अयोध्या में फेंकने की योजना होने की बात पुलिस ने कही है।
पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर विशाल कुमार को सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम का उत्साहवर्धन करने के लिए 25 हजार रुपये नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। मामले में पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
Updated on:
22 Sept 2026 01:24 pm
Published on:
22 Sept 2026 12:56 pm
बड़ी खबरें
View Allसंत कबीर नगर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
