ऑनलाइन आंकड़े के आधार पर 54799 लोगों को टीके लगाए गए उत्सव के माहौल में 268 केन्द्रों में प्रारंभ हुआ कोविड टीकाकरण महाअभियान
सतना. प्रदेशव्यापी वैक्सीनेशन महाअभियान 2.0 में सतना जिले में तय लक्ष्य से ज्यादा लोगों को कोरोना का टीका लगाया। रात 9 बजे तक जो ऑनलाइन आंकड़े सामने आए हैं उसके अनुसार पहले दिन तय लक्ष्य 50 हजार से 110 फीसदी ज्यादा 54799 लोगों को कोरोना की वैक्सीन लगाई गई। लेकिन स्वास्थ्य महकमे के दावे के अनुसार यह आंकड़ा इससे भी कही ज्यादा है। ज्यादा भीड़ के कारण ऑन लाइन फीडिंग नहीं हो सकी है लेकिन ऑफ लाइन फीडिंग के अनुसार जिले में पहले दिन 67 हजार लोगों को कोविड टीका लगाया गया है।
धीमी रही शुरुआत
टीकाकरण महाअभियान की बुधवार को शुरुआत अपेक्षाकृत काफी कमजोर रही। कई केन्द्रों में समय पर अमला नहीं पहुंचा तो कई केन्द्रों में वैक्सीन समय पर नहीं पहुंची। लेकिन जैसे जैसे समय बढ़ता गया वैसे-वैसे टीकाकरण की गति बढ़ती गई। दोपहर के बाद टीकाकरण में काफी तेजी आई और शाम 5 बजे तक लक्ष्य से आगे निकल गए। ऑनलाइन फीडि़ंग के आधार पर सतना जिले में 9 बजे तक 54799 लोगों को टीके लगाए जाने की जानकारी सामने आई। लेकिन स्वास्थ्य महकमे के अनुसार यह आंकड़ा अभी और बढ़ेगा।
ऑफ लाइन का आंकड़ा ज्याादा
बताया गया है कि स्वास्थ्य कर्मियों ने भीड़ ज्यादा होने और दबाव के कारण तथा कई स्थानों पर तकनीकि समस्या के कारण फीडिंग नहीं की है। टीकाकरण के आंकड़े रजिस्टर में इंट्री कर लिये गये हैं। यह ऑफ लाइन डाटा 67 हजार से ज्यादा का है। बहरहाल ऑन लाइन फीडिंग वाले आंकड़ों के आधार पर जिले में लक्ष्य के विपरीत 110 फीसदी टीकाकरण हुआ है। इसकी पुष्टि कलेक्टर अजय कटेसरिया ने भी की है।
9 बजे से लगने लगी कतारें
टीकाकरण केन्द्रों में सुबह 9 बजे से लोगों की कतारे लगनी शुरू हो गई थीं। शासन के निर्देशानुसार स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने केन्द्रों में टीकाकरण के लिये पहुंचने वालों का हल्दी का टीका और माल्यार्पण कर स्वागत किया। इसके बाद दीप प्रज्वलन उपरांत टीकाकरण शुरू हुआ। हालांकि शहरी क्षेत्रों की अपेक्षा ग्रामीण इलाकों में टीकाकरण ज्यादा तेजी से हुआ। शहरी क्षेत्रों में पहले ही टीकाकरण ग्रामीण इलाकों की अपेक्षा ज्यादा हो चुका है। लिहाजा इस अभियान में ग्रामीण इलाकों में काफी लंबी लाइनें देखी गईं।
अधिकारियों ने भ्रमण कर देखी व्यवस्थाएं
धीमी शुरुआत की जानकारी मिलने पर कलेक्टर अजय कटेसरिया और नगर निगम आयुक्त तन्वी हुड्डा ने सतना शहर के अनेक टीकाकरण केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया एवं टीकाकरण कराने आए लोगों का उत्साह वर्धन किया। इस दौरान स्थानीय वालेन्टियर्स को ज्यादा से ज्यादा लोगों को टीकाकरण केन्द्रों तक लाने के लिये कहा गया। कलेक्टर और निगमायुक्ता ने शहर के टीकाकरण केंद्र टाउन हॉल, सिंधी कैंप में विद्यालय, स्वास्थ्य केंद्र नई बस्ती के टीकाकरण केंद्र देखे। इसके बाद कलेक्टर अजय कटेसरिया ने ग्रामीण क्षेत्र के कोठी, तुर्रा, मझगवां विकासखंड के हिरौंदी सहित अनेक टीकाकरण केंद्र और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मझगवां के टीकाकरण केंद्रों का जायजा लिया। इसी प्रकार सभी एसडीएम एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने अपने-अपने प्रभार के क्षेत्र में आने वाले टीकाकरण केंद्रों का जायजा लेकर महा-अभियान की गतिविधियों पर सतत नजर बनाए रखी।
दूसरे दिन 33 हजार टीके लगेंगे
बताया गया है कि पहले दिन लक्ष्य से ज्यादा 67 हजार टीके लगा दिये जाने के कारण अगले दिन डोज की उपलब्धता कम हो गई है। लिहाजा दूसरे दिन 33 हजार डोज ही उपलब्ध है। इस लिहाज से दूसरे दिन टीकाकरण केन्द्रों की संख्या पहले दिन की अपेक्षा कुछ कम हो जाएगी साथ ही केन्द्रों में डोज भी कम हो जाएंगे। महा-अभियान के दूसरे दिन 26 अगस्त को प्रथम डोज का वैक्सीनेशन करवा चुके लोगों को दूसरी डोज का टीका लगाया जाएगा।
जिले में कहीं नहीं लगा वैक्शीनेशन स्टांप
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य महकमे को निर्देश दिए थे कि इस महाअभियान में जिसे भी टीका लगाया जाएगा उसके हथेली के दूसरी ओर वैक्सीनेशन स्टांप जिसमें आई एम वैक्सीनेटेड लिखा होगा लगाया जाएगा। जिसे पहले डोज लगी होगी उसमें एक निशान वाला ठप्पा तथा जिसे दूसरी डोज लगेगी उसे दो निशान वाला ठप्पा लगाना था। लेकिन सतना जिले में मुख्य चिकित्साधिकारी की लापरवाही के कारण किसी भी केन्द्र में यह व्यवस्था नहीं हो सकी थी। बताया गया है कि सीएमएचओ ने सभी बीएमओ को एक पत्र लिख कर खानापूर्ति कर ली लेकिन सीएम की मंशानुसार गंभीरता नहीं दिखाई। नतीजतन कहीं भी स्टांप नहीं बन सके। जबकि मध्यप्रदेश शासन ने इसे लेकर व्यापक तैयारियां की थी और इसके लिये सीएम इवेंट पोर्टल में फोटो अपलोड करने की व्यवस्था भी बनाई गई थी। लेकिन सतना जिले से एक भी फोटो अपलोड नहीं हुई।
टीकाकरण अमले ने किया खेल
यह भी जानकारी सामने आई है कि टीकाकरण स्टाफ ने ग्रामीण केन्द्रों में बड़े खेल किये हैं। लोगों का रजिस्ट्रेशन तो कर दिया लेकिन उन्हें टीका नहीं लगाया। ऐसा मामला रामपुर बाघेलान के ग्राम खरवाही का सामने आया है। यहां के टीकाकरण केन्द्र में टीकाकरण के लिये सोनिया पटेल की तैनाती की गई थी। मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि उनके द्वारा व्यापक पैमाने पर गड़बड़ी की गई है। यहां लोगों का रजिस्ट्रेशन तो कर दिया और लोगों के मोबाइल में मैसेज भी आ गया लेकिन टीका नहीं लगाया। बताया कि बाद में कह दिया गया कि सिरिंज नहीं आई है। लिहाजा अभी टीका नहीं लग सकता। मुकेश ने कहा कि लगभग 50 लोगों के साथ ऐसा हुआ है। इन्हें टीका कब लगेगा कोई बताने वाला नहीं है और दस्तावेजों में ये सभी वैक्सीनेटेड हो गये हैं।