सतना

व्यापारी और उसके साथी की कनपटी पर अड़ाया कट्टा, ढाई लाख लूटकर भागे

पवईया के पास वारदात, पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी
2 min read
• •
Updated: 6 Feb 2020, 11:45 AM IST
2.50 lakh rupees cash was absconded from a businessman
2.50 lakh rupees cash was absconded from a businessman

सतना. बांधवगढ़ कॉलोनी लूट कांड का खुलासा कर पुलिस अपनी पीठ खुद ही थपथपा रही थी कि बदमाशों ने एक और लूट की वारदात को अंजाम देकर खुली चुनौती दी। सेमरिया से उधारी की वसूली कर लौट रहे किराना व्यापारी सहित एक अन्य साथी की बाइक के सामने बोलेरों सवार अड़ाकर रास्ता रोका। जब तक व्यापरी और उसके साथी कुछ समझ पाते कार से चार युवक मुहं पर गमछा बांधकर उतरे और उनकी कनपटी पर कट्टा लगा ढ़ाई लाख रुपए नगदी लूट कर फरार हो गए। पीडि़त व्यापारी ने मामले की शिकायत पुलिस थाना कोटर में दर्ज कराई। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है।

बताया गया,पुष्पराज कॉलोनी निवासी किशोर कुमार छत्तानी किशोर ट्रेडर्स के नाम से किराना दुकान का चांदनी टॉकीज के पीछे करते हैं। अपने साथी वीरेंद्र पिता सुंदर लाल गुप्ता के साथ मोटर सायकल क्रमांक एमपी 19 एमबी 4368 से उधारी वसूलने सेमरिया गए हुए थे। दोनों बाइक में सवार होकर बुधवार रात सेमरिया से सतना आ रहे थे। पवईया के नजदीक राइस मिल के पास पहुंचे ही थे कि बिना नंबर की बोलेरो ने ओवर टेक कर बाइक के ठीक सामने खड़ी कर रास्ता रोक लिया। जब तक दोनों कुछ समझ पाते दो युवक बोलेरों से मुहं में गमछा बांधकर नीचे उतरे और उनकी कनपटी पर कट्टा तान लिया। उन्हें धमकाते हुए उनके हाथ से नगदी लेकर फरार हो गए। व्यापारी सहित उसका साथी घबराए हुए पुलिस थाना कोलगवां पहुंचे। पुलिस ने शिकायत सुनने के बाद व्यापारियों को साथ लेकर घटना स्थल पहुंची। घटना स्थल पर व्यापारी के हाथ से गिरा दस्ताना बरामद हुआ। पीडि़त व्यापारी की शिकायत पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

एक सप्ताह के अंदर व्यापारी से लूट की दूसरी वारदात-
व्यापारियों पर जानलेवा हमले और लूटपाट की वारदातों में लगातार वृद्धि हो रही है। एक सप्ताह के अंदर व्यापारी के साथ लूटपाट की यह दूसरी बड़ी घटना है। बांधवगढ़ कॉलोनी में व्यापारी पर जानलेवा हमला कर लूटपाट करने वाले सभी आरोपियों को पुलिस अभी पकड़ भी नहीं पाई है कि किराना व्यापारी के साथ लूट की घटना हो गई।

Published on: