सतना

पत्रिका की खबर के बाद जागे जिम्मेदार अफसर, कुपोषित बच्चे की मांगी रिपोर्ट

सतना जिला अस्पताल के पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में भर्ती 18 माह के शिवा कोल की गंभीर स्थिति को लेकर प्रशासन सक्रिय हो गया है।

2 min read
Mar 03, 2025
खबर प्रकाशन के बाद सीएमएचओ पहुंचे एनआरसी

सतना जिला अस्पताल के पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में भर्ती 18 माह के शिवा कोल की गंभीर स्थिति को लेकर प्रशासन सक्रिय हो गया है। कुपोषण और टीबी से पीडि़त शिवा की खबर पत्रिका में प्रकाशित होने के बाद संभागायुक्त रीवा ने सीएमएचओ से रिपोर्ट तलब की है। रविवार को पत्रिका में 'हड्डियों से चिपक गई चमड़ी, टीबी ने भी जकड़ा' शीर्षक से खबर प्रकाशित होने के बाद सीएमएचओ डॉ. एल के तिवारी, डीएचओ डॉ. विजय आरख और डीसीएम डॉ. ज्ञानेश मिश्रा ने एनआरसी का निरीक्षण किया। सीएमएचओ ने नोडल ऑफिसर डॉ. संदीप द्विवेदी से बच्चे के स्वास्थ्य जानकारी ली और उसका वजन भी करवाया।


कोठी बीएमओ को चिट्ठी जारी

सीएमएचओ ने बीएमओ कोठी को पत्र भेजा है। निर्देश दिए गए हैं कि एनआरसी में 21 फरवरी से शिवा कोल का इलाज चल रहा है। महिला बाल विकास विभाग के सीडीपीओ को अति कुपोषित बच्चों की सूची तैयार कर आशा कार्यकर्ताओं को ग्रामवार सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाकर अति कुपोषित बच्चों को एनआरसी में भर्ती कराया जाएगा।


पत्र लिखकर मांगी गंभीर बच्चों की सूची

सीएमएचओ ने जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग से अति कुपोषित बच्चों की सूची उपलब्ध कराने को लेकर पत्राचार किया है। लिखा कि शिवा कोल की तरह भी और बच्चे अति गंभीर रूप से बीमार हो सकते हैं, जिन्हें भर्ती कराने की जरूरत पड़ सकती है। ऐसे में सतना और मैहर में अति कुपोषित बच्चों की सूची उपलब्ध कराई जाए। साथ ही संयुक्त रूप से अभियान चलाकर अति कुपोषित बच्चों को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं आशा के संयुक्त प्रयास से एनआरसी में भर्ती कराया जाए।


ड्यूटी से गायब स्टॉफ को नोटिस

निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ को पोषण पुनर्वास केंद्र में स्टाफ नदारद मिला। केवल एक कुक ही मौजूद था, जबकि बाकी स्टाफ अनुपस्थित था। सीएमएचओ ने उमा सिंह, विधाता तिवारी, अन्नपूर्णा पांडेय, करुणा पटेल और धर्मराज तिवारी को नोटिस जारी किया। इसके साथ ही एनआरसी में भर्ती सात बच्चों का डाइट चार्ट भी बोर्ड पर प्रदर्शित नहीं था। एनआरसी में टीवी भी चालू नहीं था और बच्चों के खिलौने अलमारी में बंद पाए गए। सीएमएचओ ने इन मुद्दों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।


बीमार बच्चे को देखने पहुंचे अधिकारी

एनआरसी में भर्ती गंभीर बीमार बच्चे को देखने पहुंचे थे। रीवा संभागायुक्त ने कुपोषित बच्चे की रिपोर्ट मांगी है, जिन्हें बच्चे की स्थिति से अवगत कराया है। एनआरसी का स्टॉफ ड्यूटी में नहीं था, उन्हें भी नोटिस जारी किया है। - डॉ एल के तिवारी, सीएमएचओ सतना

Updated on:
03 Mar 2025 08:52 pm
Published on:
03 Mar 2025 07:13 pm
Also Read
View All

अगली खबर