थाने में भाजपा मंडल अध्यक्ष के दबंगई दिखाते वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल...
सतना. भाजपा नेताओं में सत्ता का नशा सिर चढ़कर बोल रहा है। ताजा मामला सतना जिले के रामनगर का है जहां रामनगर मंडल अध्यक्ष का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में भाजपा मंडल अध्यक्ष थाने के अंदर ही पुलिसकर्मियों को दबंगई करते नजर आ रहा है। यहां तक की वीडियो में मंडल अध्यक्ष पुलिसकर्मियों को गाली देते हुए भी दिखाई दे रहा है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
भाजपा के रामनगर मंडल अध्यक्ष ने मर्यादा को तार-तार करते हुए थाना के अंदर पुलिसकर्मियों को अपशब्द कह डाले। साल के पहले दिन 1 जनवरी को सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में मंडल अध्यक्ष आशुतोष गुप्ता सूरज रामनगर थाना के अंदर पुलिसकर्मियों पर चीखते नजर आया। मंडल अध्यक्ष के साथ और भी लोग थे। वीडियो में मंडल अध्यक्ष पुलिसकर्मियों पर चीखते हुए कह रहा था कि मेरे से औकात की बात मत करो। अभी मेरी एक लाख की रसीद काटो पुलिसकर्मी ने कहा कि आपके बारे में कुछ नहीं कहा तो मंडल अध्यक्ष ने पुलिसकर्मी की ओर लपकते हुए गाली दे दी। उसने कहा कि औकात की बात मत कर ***, खरीद लूंगा तेरे को। वीडियो दिनभर सतना जिले में वायरल होता रहा और चर्चा का विषय बना रहा।
एसआई से हॉट-टॉक
थाना में मंडल अध्यक्ष व एसआइ सुभाषचंद्र वर्मा के बीच हॉट टॉक हुई थी। यह बात भी सामने आई है कि थाना चौक पर 29 दिसम्बर की रात वाहन चेकिंग के नाम पर बाइक सवारों से वसूली चल रही थी। इसकी शिकायत करने मंडल अध्यक्ष थाना आया हुआ था। वीडियो भी उसी दिन का है। इस हंगामे के अगले दिन एसआइ वर्मा को लाइन अटैच कर दिया गया। बताया गया कि इसके पहले भाजपा के तीन मंडल अध्यक्ष भी अलग-अलग पुलिस मामलों में पार्टी की किरकिरी करा चुके हैं।
देखें वीडियो- लात-घूंसों के बीच दुल्हनिया ले गया दूल्हा