
नरसिंहपुर. कोई इंसान आपके सामने आकर ये सवाल करे कि बताइए वो जिंदा है या मृत तो आपका हैरान होना लाजमी है। ऐसा ही एक मामला नरसिंहपुर जिले में सामने आया है जब अपनी फरियाद लेकर पहुंचे एक बुजुर्ग ने नवागत कलेक्टर दीपक रोहित सिंह से हाथ जोड़कर पूछा कि साहब बताइए कि मैं जिंदा हूं या मृत..तो वो भी हैरान रह गए। कलेक्टर रोहित सिंह ने बुजुर्ग की पूरी फरियाद सुनी और फिर जिम्मेदारों को मामले की जांच करते हुए कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बुजुर्ग को कागजों में घोषित किया मृत
कलेक्टर के पास अपने जिंदा होने का सबूत लेने पहुंचे बुजुर्ग का नाम हल्केवीर कहार है। हल्के वीर गाडरवारा तहसील के मुआर गांव के रहने वाले है। जिनका कहना है कि रिश्तेदारों ने षडयंत्र कर उन्हें कागजों पर मृत बताकर उनकी 10 एकड़ जमीन बिकवा दी है। 75 वर्षीय हल्के वीर बीते दो साल से खुद के जिंदा होने की गुहार लगाते हुए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं लेकिन जब कहीं से भी न्याय नहीं मिला तो अब उन्होंने कलेक्टर से इंसाफ की गुहार लगाई है। बुजुर्ग हल्के वीर ने बताया कि वो ढाई साल पहले नर्मदा परिक्रमा पर गए हुए थे इसी बीच रिश्तेदारों ने साजिश रची और गांव के पटवारी की मदद से उन्हें कागजों पर मृत बताकर जमीन के कागज बनवा लिए। कोई वारिस न होना बताकर रिश्तेदारों ने उनकी 10 एकड़ जमीन का बंदरबाट कर लिया है।
ऐसे हुआ खुलासा
बुजुर्ग हल्केवीर ने बताया कि जब नर्मदा परिक्रमा से लौटे तो अपनी जमीन को सिकमी देने के लिए खसरा नकल निकलवाने पहुंचे। नकल निकलवाने के लिए आवेदन दिया तो पता चला कि वो तो मर चुके हैं और उनकी जमीन किसी और के नाम हो चुकी है। ये जानकर हल्केवीर के पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई लेकिन फिर उन्हें अपने साथ हुए धोखे का पता चला। हल्के वीर बीते दो साल से पंचायत से लेकर कलेक्टर तक की चौखट पर अपनी अर्जी लगा चुके हैं लेकिन अभी तक कागजों पर वो मृत ही घोषित है।
कलेक्टर ने दिए कार्रवाई के निर्देश
बुजुर्ग हल्केवीर की फरियाद सुनने के बाद कलेक्टर रोहित सिंह ने गाडरवारा एसडीएम को पूरे मामले पर संज्ञान लेने के साथ ही जांच कर दोषी पटवारी पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने ये भी आश्वासन दिया है कि अगर धोखे से उनकी जमीन किसी ने हड़पी है तो जमीन वापस दिलाई जाएगी। कलेक्टर के इस आश्वासन के बाद बुजुर्ग हल्केवारी की उम्मीद एक बार फिर जागी है।
देखें वीडियो- लात-घूंसों के बीच दुल्हनिया ले गया दूल्हा
Published on:
02 Jan 2022 08:23 pm
बड़ी खबरें
View Allनरसिंहपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
