नवागत कलेक्टर ने लिया जायजा मां शारदा मंदिर परिक्षेत्र के विकास और विस्तार की रूपरेखा तयमां शारदा की आरती के बाद व्यवस्थाओं का लिया जायजा
सतना. नवागत कलेक्टर अजय कटेसरिया ने रविवार को मैहर क्षेत्र का भ्रमण किया। उन्होंने मां शारदा की आरती की और मंदिर परिक्षेत्र के विकास और विस्तार की रूपरेखा पर चर्चा की। श्रद्धालुओं की सुविधाओं में विस्तार के प्लान को समझा और इस पर तेजी से अमल में लाने के लिए इसका ब्लू प्रिंट तैयार करने एसडीएम मैहर को निर्देश दिए। इसके बाद मंदिर परिक्षेत्र का भ्रमण कर यहां की व्यवस्थाएं देखीं।
नवागत कलेक्टर ने ज्वाइनिंग के बाद जिले की भौगोलिक स्थिति को देखना और समझना शुरू कर दिया है। इस कड़ी में उन्होंने रविवार को मैहर क्षेत्र का दौरा किया। सबसे पहले मैहर मंदिर पहुंचे। यहां माता शारदा का दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद मंदिर परिसर का अवलोकन किया। यहां श्रद्धालुओं को दी जाने वाली सुविधाओं की विस्तार से जानकारी ली। इसके बाद यहां सुविधा विस्तार पर चर्चा की। मंदिर में आने वाले चढ़ावे की स्थिति, उसके सुरक्षा इंतजाम की जानकारी ली। इसके बाद नीचे पहुंच कर मंदिर परिक्षेत्र का जायजा लिया।
रोप-वे परिक्षेत्र में होंगे विकास कार्य
कलेक्टर ने रोप-वे परिक्षेत्र का मुआयना किया। कहा कि यहां आने वाले श्रद्धालुओं से अगर रोप-वे के लिए राशि ली जाती है या अन्य शुल्क लिए जाते हैं तो उन्हें उसके अनुरूप व्यवस्थाएं भी दें। यहां श्रद्धालुओं के बैठने सहित अन्य सुविधाएं और बेहतर करने के निर्देश दिए। उन्होंने वीआईपी दर्शन की भी व्यवस्था समझी। इसके साथ ही उन्होंने वीआईपी दर्शन के लिये पृथक पैकेज और सुविधाओं का ब्लू प्रिंट तैयार करने के निर्देश दिए। कहा कि ऐसी व्यवस्था की जाए जिससे लोगों को असुविधा नहीं हो। यह भी निर्देश दिए कि दान में आने वाले पैसों का श्रद्धालुओं की सुविधाओं और मंदिर परिक्षेत्र की बेहतरी में उपयोग किया जाए। इस संबंध में भी कार्ययोजना समझाते हुए इसका प्लान तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
सौंदर्यीकरण का मांगा ब्लूप्रिंट
कलेक्टर ने कहा कि यहां देश विदेश से श्रद्धालु आते हैं और इसकी ख्याति भी बहुत है। लिहाजा, ऐसे प्लान तैयार किए जाएं जिससे इसकी ख्याति वैष्णव देवी, बालाजी मंदिर, स्वर्ण मंदिर की तरह हो सके। इसके लिए यहां सुविधाओं व भव्यता में और बेहतरी से सुझाव दिये। साथ ही इसका भी विस्तृत प्लान तैयार करने मंदिर प्रशासन और एसडीएम मैहर को दिये। इस दौरान मंदिर परिसर स्थित हवन स्थल, मंदिर प्रांगण, शारदा प्रबंध समिति कार्यालय, अन्नकूट आदि का जायजा लिया।
" मैहर मंदिर के कारण देश विदेश में सतना की पहचान है। इसकी भव्यता में और बेहतरी और दर्शनार्थियों की सुविधाओं के लिए चर्चा की गई है। कई सुझाव दिए गए हैं। इसका जल्द ही प्लान तैयार कर इसे जमीन पर उतारा जाएगा।"
- अजय कटेसरिया, कलेक्टर