
सतना. शहर के बेपटरी यातायात को पटरी पर लाने के लिए ट्रैफिक डीएसपी हिमाली सोनी को जिम्मेदारी दी गई है। एसपी रियाज इकबाल ने शहर के मुख्य चौराहों और बाजार क्षेत्र की व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस को पर्याप्त बल भी दिया है। ताकि यातायात सुगम हो सके। इसी के तहत सोमवार को डीएसपी सोनी ने अपने सहयोगी बल की मदद से शहर के कई हिस्सों में कार्रवाई की है।
जानकारी मिली है कि कोठी तिराहा में वाहनों की जांच कराई गई। इस दौरान एक बस चालक बीच रास्ते गाड़ी खड़ी कर सवारी चढ़ाते दिखा तो उसे रुकवा कर चालान कर दिया गया। इसी तरह बस के पायदान पर सवारी खड़ी देख एक दूसरी बस पर भी जुर्माना कराया। ऑटो और दोपहिया वाहन चालकों पर भी कार्रवाई की गई। कोठी तिराहा और सिविल लाइन में 10 वाहनों के चालान बनाते हुए 5500 रुपए सम्मन शुल्क जमा कराया गया है। इस दौरान दोपहिया वाहन से गुजरने वाली महिलाओं को हिदायत दी गई कि वह हेलमेट लगाकर चलें और यातायात नियमों का पालन करते हुए व्यवस्था सुधारने में सहयोगी बनें।
ऑटो चालकों को दो टूक
सर्किट हाउस चौक से भरहुत नगर मोड़ पर डीएसपी सोनी ने पैदल मार्च किया। इसके बाद बाजार क्षेत्र के पन्नीलाल चौक, हनुमान चौक और लालता चौक तक पैदल चलकर व्यवस्था जांची। इन स्थानों पर जो ऑटो चालक लापरवाही करते नजर आए उन्हें दो टूक चेतावनी दी गई कि सख्त कार्रवाई की जाएगी। डीएसपी सोनी ने बताया कि ऑटो और बस चालकों को पूर्व में कई बार समझाया जा चुका है। अब नियमों का पालन नहीं होते पाए जाने पर वाहन जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।