जन आशीर्वाद यात्रा: रात 11.30 बजे छह घंटे देरी से शहर पहुंचे सीएम, 12 बजे शुरू हुआ भाषण, रोड-शो करना पड़ा निरस्त
सतना। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के लिए बुधवार को बारिश चुनौती से कम नहीं थी। मैहर में जन आशीर्वाद यात्रा शुरू करने के साथ ही यह चुनौती शुरू हुई जो सतना पहुंचने तक जारी रही। अंत में ऐसी स्थिति बनी कि उन्हें रोड शो निरस्त करना पड़ा। उनका काफिला रात करीब 11.30 बजे बिरला रोड पहुंचा। उसके बाद स्वागत कार्यक्रम के साथ रात 11.55 बजे सभास्थल बीटीआई ग्राउंड पहुंचे। वहां उन्होंने सबसे पहले मेडिकल कॉलेज के लिए भूमिपूजन किया और जिला अस्पताल में इ-हॉस्पिटल का उद्घाटन किया। फिर मंचासीन हुए।
विकसित नहीं समृद्ध मप्र
उन्होंने कहा कि जब मप्र में भाजपा सरकार आई थी, तो प्रदेश बीमारू राज्य था। भाजपा सरकार ने काम करना शुरू किया, उसके बाद प्रदेश विकासशील हुआ, फिर विकसित हुआ। अब समृद्ध मप्र बनाएंगे। भाजपा सरकार इसके लिए ही काम करेगी।
मीसाबंदियों को सम्मानित किया
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मीसाबंदियों को सम्मानित किया। अधिकतर लोगों को मंच पर पहले ही आमंत्रित कर लिया गया और एक औपचारिक कार्यक्रम में सम्मान हुआ। इसके पीछे कारण था कि रात काफी ज्यादा हो रही थी। लिहाजा, आयोजकों के पास कार्यक्रम को जल्द खत्म करने की चिंता भी थी।
इंतजार करते रहे कार्यकर्ता
मुख्यमंत्री का रोड शो सतना में होना था। लिहाजा, भाजपा कार्यकर्ता जगह-जगह स्वागत की तैयारी किए हुए थे। कृष्णनगर, अस्पताल चौराहा, जयस्तंभ सहित आधा दर्जन स्थानों पर स्वागत की तैयारी थी। लेकिन, रोड शो नहीं होने के कारण कार्यकर्ता इंतजार करते रह गए। सभा में भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा, प्रदेश संगठन मंत्री बीडी शर्मा, भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष अभिलाष पांडेय, सांसद गणेश सिंह, विधायक शंकरलाल तिवारी, यात्रा प्रभारी जर्नादन मिश्रा, योगेश ताम्रकार सहित अन्य उपस्थित रहे। जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान मंत्री विश्वास सारंग, प्रभारी मंत्री ओपी धुर्वे, मंत्री राजेंद्र शुक्ला, मैहर विधायक नारायण त्रिपाठी, बम बम महाराज सहित अन्य नेता मौजूद रहे।
मेडिकल कॉलेज में 10 ओपीडी होगी
मुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेज के फायदे गिनाए। कहा, 750 बेड का आधुनिक शैक्षणिक अस्पताल होगा। 10 ओपीडी होगी। इससे आसपास के लोगों को इलाज मिलेगा। 24 घंटे आपातसेवा उपलब्ध रहेगी। 24 घंटे ब्लड बैंक व प्रयोगशाला संचालित होगी। 50 बिस्तर का इंसेंटिव केंद्र बनेगा। रेडियोलॉजी विभाग के तहत एमआरआइ, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड की व्यवस्था उपलब्ध रहेगी। स्टॉफ के लिए बहुमंजिला इमारते बनेंगी।
मेडिकल कॉलेज पर भी कांग्रेसियों को तकलीफ
मुख्यमंत्री ने कहा, कांग्रेस कुछ करती नहीं है। अगर कुछ होता है तो उन्हें तकलीफ भी होती है। सतना में मेडिकल कॉलेज के भूमिपूजन पर उन्हें आपत्ति है। वे सवाल कर रहे कि जब बजट नहीं स्वीकृत हुआ, तो भूमिपूजन कैसे? जब स्वीकृति मिल गई है तभी हम भूमिपूजन कर रहे हैं। स्वतंत्रता के 50 साल तक वे मेडिकल कॉलेज नहीं दिए, अब भाजपा सरकार लेकर आई, तो उन्हें तकलीफ है। इससे क्षेत्र का विकास होगा। स्वास्थ सुविधाएं बढ़ेंगी, जनता को लाभ होगा।
विकसित कर सतना का ऋण चुकाऊंगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोग कहते हैं कि सतना अन्य शहरों से विकास के मामले में पिछड़ गया। सतना के लोगों को सीने में ये दर्द है। मैं वादा करता हूं, सतना का ये दर्द विकास कर खत्म कर दूंगा। अपना सतना विकसित सतना बनेगा। सतना के विकास में मेडिकल कॉलेज मिल का पत्थर होगा।
रोड-शो निरस्त की घोषणा सीएम ने की
कार्यक्रम रात 12 बजे शुरू होने पर रोड शो निरस्त होने की चर्चा आम थी। लेकिन, कोई अधिकृत रूप से घोषणा करने की स्थिति में नहीं था। न तो भाजपा नेता घोषणा कर रहे थे, न कोई प्रशासनिक अधिकारी। जब भाषण खत्म हो गया, तो मुख्यमंत्री ने रोड शो निरस्त करने की घोषणा की।
16.34 मिनट भाषण
मुख्यमंत्री ने रात 12.5 बजे से बोलना शुरू किया। वे करीब 12.21 तक बोलते रहे। उनके रेकॉर्डेड भाषण पर ध्यान दें तो सतना में उन्होंने 16.34 मिनट तक भाषण दिया। उनका शेष समय स्वागत व औपचारिकताओं में गुजरा।
स्मार्ट सिटी पर खर्च होगा 1520 करोड़
मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में स्मार्ट सिटी का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इसके लिए शहर में 1530.74 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इसमें 1171 करोड़ के विकास कार्य होंगे, शेष राशि से अन्य सुविधाओं का विकास किया जाएगा। मैं मजदूरों व गरीबों के लिए काम करता हूं, इसके अलावा व्यापारियों के लिए भी काम करता हूं। सतना व्यावसायिक शहर है। यहां विंध्य चेम्बर ऑफ कामर्स का हर साल मेला लगता है। उद्यम हैं, इसलिए इनके विकास का भी काम होगा।
आज के कार्यक्रम
- सुबह 9.30 बजे प्रेस कॉफ्रेंस
- 10.40 पर बिरसिंहपुर मंडी में मंच सभा
- दोपहर- 12.30 बजे जैतवारा रथ यात्रा
- 12.50 बजे भैंसवार में सभा
- 1.10 बजे ठाकुर रणमत सिंह प्रतिमा माल्यार्पण व सभा
- 1.55 बजे बेरहना में रथ सभा
- 2.50 बजे सिंहपुर में मंच सभा
- 3.20 बजे नागौद में रथ सभा
- शाम 5.20 उचेहरा में सभा
13 घंटे में 150 किमी. का सफर
मुख्यमंत्री भले ही सुबह 6.30 बजे मैहर पहुंच गए, लेकिन कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे से की। उनकी यात्रा शुरुआती दौर में काफी धीमी थी। लिहाजा, 6.30 घंटे में 50 किमी का सफर करते हुए रामनगर पहुंचे। बाद में कार्यक्रम विंलब होता देख गति बढ़ाई गई और आगे का 100 किमी. का कार्यक्रम 5.30 घंटे में पूरा किया। रामनगर से मुख्यमंत्री अमरपाटन व रामपुर में सभा करते हुए 11.55 पर सतना पहुंच गए।
चित्रकूट के लिए अलग से आएंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि वे इस बार चित्रकूट नहीं जा पा रहे हैं। वहां के लिए अलग से कार्यक्रम तय करेंगे।