सतना

कैलहा में डकैतों ने बरपाया कहर, ठेकेदार ने नहीं दिया कमीशन तो मजदूरों को जमकर पीटा

बबुली कोल गैंग ने दिया वारदात को अंजाम, बहिलपुरवा थाना पुलिस ने शुरू की जांच
2 min read
• •
Updated: 11 Jan 2018, 12:59 PM IST
Dacoit Babuli Kol Gang Havoc in chitrakoot
Dacoit Babuli Kol Gang Havoc in chitrakoot

सतना। बहिलपुरवा के कैलहा गांव में साढ़े छह लाख के इनामी दस्यु बबुली और उसकी गैंग ने आतंक बरपाया है। ठेकेदार द्वारा कमीशन नहीं पहुंचाने पर गैंग ने मजदूरों को जमकर पीटा। तीन मजदूरों को अधमरा कर दिया। उसके बाद गैंग जंगल की ओर भाग गई। मामला सामने आने के बाद बहिलपुरवा थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जंगल में सर्चिंग व कॉम्बिग भी शुरू कर दी गई है।

कैलहा गांव में बन रहा है विद्युत उपकेंद्र

बताया गया, बहिलपुरवा थाना क्षेत्र के कैलहा गांव में 33.11 केवीए का विद्युत उपकेंद्र बन रहा है। इसका काम कानपुर की गंगा इंफ्रा प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड करा रही है। इसमें ज्यादातर मजदूर कानपुर के ही काम कर रहे हैं। ठेका कंपनी से कमीशन लेने के लिए डकैत बबुली कोल लगातार दबाव बना रहा था।

मजदूरों को बाहर निकालकर जमकर पीटा

लेकिन, ठेकेदार ने नहीं दिया। इसके चलते मंगलवार की रात करीब डेढ़ बजे आधा दर्जन सशस्त्र डकैत निर्माण स्थल पर पहुंचे। डकैतों ने वहां बने कमरे का दरवाजा खुलवाया और अंदर सो रहे मजदूरों को बाहर निकालकर जमकर पीटा।

अज्ञात पर मामला दर्ज
डकैतों के जाने के बाद घायल मजदूरों ने ठेकेदार और मेट को सूचना दी। सूचना पर मेट अनूप मिश्रा मौके पर पहुंचे और पुलिस को बुलाकर सभी घायलों को मानिकपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। पुलिस अधीक्षक प्रताप गोपेंद्र ने बताया कि जिन मजदूरों के साथ मारपीट हुई है वे सभी बाहर के हैं। इसलिए डकैतों को पहचानते नहीं हैं। लेकिन चर्चा डकैत बबुली कोल की है। वैसे पीडि़तों ने अज्ञात डकैतों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।

मोबाइल और नकदी छीनी
बताया जाता है, कमलेश पुत्र रामबाबू निवासी ककवन जिला कानपुर, राजू पुत्र सोबरन निवासी बांसखेड़ा कानपुर देहात व रमेश पुत्र गजोधर निवासी नई बांसखेड़ा कानपुर को बंदूक की बटों और डंडों से पीटा गया। उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। डकैतों ने बेरहमी से मारते हुए उन्हें अधमरा कर दिया और उनके मोबाइल व करीब दो हजार रुपए नगद ले गए। मजदूरों को पीटने के बाद डकैतों ने कमीशन की मांग की और धमकी देते हुए चले गए।

Published on: