प्रदेश शासन की कवायद: 73.24 करोड़ रुपए पहले ही हो चुके हैं जारी
सतना। प्रदेश शासन ने वर्ष 2017 में सूखे से हुई फसल क्षति की राहत राशि जारी कर दी है। जिले से 93,17,54,359 रुपए का आवंटन मांगा गया था। इसके विरुद्ध शासन द्वारा पहले 73.24करोड़ रुपए जारी किये गये थे। ऐसे में वितरण को लेकर विवाद की स्थितियां बन रही थीं। इस पर सांसद गणेश सिंह ने शासन स्तर पर पहल की और जिला प्रशासन से वापस मांग पत्र भिजवाया।
विगत दिवस शासन द्वारा आवंटन के विरुद्ध पूरी 93.17 करोड़ रुपए की क्षतिपूर्ति राशि जारी कर दी गई है। सांसद ने बताया कि इस राशि का शीघ्र वितरण शुरू करने के निर्देश जिला प्रशासन को जारी कर दिए गए हैं। अगले एक दो दिन में प्रभावित किसानों के खाते में आरटीजीएस से राशि जारी होना प्रारंभ हो जाएगी। ऐसे में किसानों को कुछ हद तक आर्थिक राहत पहुंचेगी।
यह था सूखे का नुकसान
जिले में सूखे से फसल प्रभावित होने वाले गांवों की संख्या 2014 रही। इस पर राहत राशि स्वीकृत करने के लिए राजस्व अमले द्वारा 1782 राजस्व प्रकरण कायम किए गए। इन प्रकरणों कुल प्रभावित किसानों की संख्या 2,07,235 बताई गई। प्रभावित किसानों के लिए 93,17,54,359 रुपए की स्वीकृति हुई और इतनी ही राशि की मांग शासन से की गई।
विवाद की स्थिति बनने की आशंका थी
इसके एवज में राहत आयुक्त द्वारा जिले को 73,24,00,000 रुपए का आवंटन प्राप्त हुआ। लेकिन इसके वितरण में यह समस्या आ रही थी कि इस राशि का वितरण किस तरीके से किया जाए। जहां भी राशि नहीं पहुंचती वहां विवाद की स्थिति बनने की आशंका थी। इस पर सांसद ने शासन स्तर पर संपर्क कर शेष राशि जारी करने की बात कही। कलेक्टर से इस मामले में पत्राचार करने कहा। नतीजा यह रहा कि विगत दिवस शासन स्तर से पूरी राशि जारी कर दी गई।
यूं होगा वितरण
- तहसील प्रभावित गांव प्रभावित किसान राशि
- रघुराजनगर 287 34083 214439625
- बिरसिहपुर 180 26754 123320252
- मैहर 254 14228 35449870
- रामपुर बघेलान 159 27325 138228078
- मझगवां 212 13156 43025946
- नागौद 265 49213 218475050
- उचेहरा 222 12001 53649651
- अमरपाटन 191 23334 80470592
- रामनगर 193 4816 10745295
- कोटर 71 2325 13950000
- योग 2034 207235 931754359