
सतना। स्कूल ओपन हो चुके हैं। बच्चे भी स्कूल जाने लगे हैं। इसी के साथ सिटी मॉम की टेंशन भी बढ़ गई है। चिंता वाली बात यह है कि बच्चे हेल्दी फूड न ले जाकर स्नैक्स जंक फूड व तली हुई चीजों को ले जाना पसंद कर रहे हैं। अपने बच्चों के आहार को लेकर हर माता पिता चिंतित रहते हैं।
अधिकांश के सामने यह समस्या होती है कि बच्चों को दिए जाने वाले स्वास्थ्यवर्धक व पौष्टिक भोजन में कौन-कौन से खाद्य पदार्थ किस मात्रा में शामिल किए जाने चाहिए। हर उम्र में बच्चों को खाने पीने पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। शहर की न्यूट्रीशियन का कहना है कि कुछ बातों को ध्यान रखकर सिटी मॉम बच्चों के लिए हेल्दी और टेस्टी फूड बना सकती हैं।
इन बातों का रखें ध्यान
टिफि न में सब्जी और सलाद रखें। पराठे का आटा मल्टीग्रेन हो और आटा ज्यादा बारीक पिसा न हो। यदि बच्चा पनीर नहीं खाता है तो पनीर का पराठा भी दिया जा सकता है। इससे शरीर में प्रोटीन व कैल्शियम की पूर्ति होती है। अंकुरित अनाज का चीला उसके साथ टमाटर की खट्टी मीठी चटनी भी बच्चे बहुत पसंद करते हैं। यदि बच्चा दूध नहीं पीता है तो उसके रोटी या पराठे का आटा दूध से ही गंूथें।
आहार में शामिल हो एंटीऑक्सीडेंट फूड
बच्चे के विकास के लिए आहार में हाई एंटीऑक्सीडेंट फूड जैसे हल्दी, टमाटर, नींबू, अदरक, तुलसी, बादाम, आंवला, खसखस का उपयोग प्रतिदिन करना चाहिए। ताकि बच्चों को शरीर में होने वाले संक्रमण व बीमारियों से बचाया जा सके।
हर दिन का चार्ट हो अलग
बच्चे एक जैसा खाने पर बोर हो जाते हैं। एेसे में वे हर दिन कुछ नया और टेस्टी की डिमांड करते हैं। रोज-रोज उसे टिफिन में क्या दिया जाए, इसका एक चार्ट भी बनाया जा सकता है ताकि बच्चा हर रोज खुशी-खुशी उसकी पसंदीदा चीज खाए। शहर की न्यूट्रीशियन डॉ. राजनीधि सिंह के मुताबिक बच्चों की रुचि के मुताबिक टिफि न आकर्षक और अधिक पौष्टिक बनाया जा सकता है।
सब्जियों के पराठे बनाएं
गाजर, गोभी, चुकंदर, शलजम, पालक, मेथी, बथुआ, लौकी, मूली जैसी सब्जियों को बच्चे खाना पसंद नहीं करते जबकि यह बेहद फायदेमंद होती हैं। इसलिए सब्जियों के पराठे बना कर टिफिन में रखें। इससे सब्जियों के पोषक तत्व बच्चों को आसानी से मिलेंगे और रंग बिरंगा खाना बच्चों को ज्यादा आकर्षित भी करता है और वह इस से परहेज भी नहीं करते हैं।
पोषक तत्वों की उचित मात्रा जरूरी
छोटी उम्र में ही बच्चों का शारीरिक व मानसिक विकास होता है। बचपन में उनके मस्तिष्क का विकास 80 फीसदी तक हो जाता है। इसलिए उन्हें लगातार पोषक तत्वों की उचित मात्रा की आवश्यकता होती है। बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए उनका आहार संतुलित, उच्च कैलोरी युक्त, पौष्टिक, स्वादिष्ट और रुचिकर होना चाहिए।