सतना

सेवा पुस्तिका के लिए दो साल से भटक रही महिला भृत्य, यहां पढ़िए शिक्षा विभाग की अंधेरगर्दी

डीइओ से कलेक्टर व सीएम हेल्पलाइन तक लगा चुकी गुहार, फिर भी हर जगह मिली निराशा, कुलगढ़ी संकुल के प्रधानाध्यापक व बाबू की मनमानी से खेल

2 min read
Jul 15, 2018
education Department big news in hindi
education Department big news in hindi

सतना। मध्यप्रदेश के सतना जिले में शिक्षा विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। बताया गया कि उचेहरा जनपद पंचायत अंतर्गत पिथौराबाद पूर्व माध्यमिक विद्यालय में 41 वर्षों से पदस्थ महिला भृत्य श्यामू देवी दहायत अपनी ही सर्विस बुक के लिए दो सालों से दर-दर भटक रही है। दरअसल, भृत्य की सेवा पुस्तिका कुलगढ़ी संकुल के बाबू द्वारा गुमा दी गई है।

जबाव मिला कि गुम हो गई है

जब वह सेवा पुस्तिका मांगने विद्यालय गई तो जबाव मिला कि गुम हो गई है ढूंढ कर देता हूं। करीब साल भर बीतने के बाद बाबू राजेश नामदेव ने बताया पुस्तिका नहीं मिल पाई है। इसके बाद महिला ने प्रधानाध्यापक को दूसरी सेवा पुस्तिका जारी करने की मांग कई बार लिखित रूप से पत्र की है, लेकिन वहां भी सुनवाई नहीं हुई।

सेवानिवृत होने में महज 6 माह ही शेष
महिला सेवा पुस्तिका के लिए ऑफिसों के चक्कर काट रही है। अंत में परेशान होकर पीडि़ता ने 20 मार्च को पुत्र सुरेंद्र दहायत के साथ कलेक्ट्रेट जनसुनवाई में अर्जी लगाई, लेकिन इसका भी कोई फायदा नहीं हुआ। डीइओ से लेकर कलेक्टर व सीएम हेल्पलाइन तक में भी शिकायत कर चुकी है, लेकिन आज तक कहीं भी सुनवाई नहीं हुई है। अब उसके सेवानिवृत होने में महज ६ माह ही शेष है।

नाराज होकर रोका 3 माह की वेतन
बार-बार महिला द्वारा लिखित शिकायत और सीएम हेल्पलाइन में शिकायत करने से नाराज प्रधानाध्यापक बाबू व अन्य कर्मचारियों ने शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया, फिर भी शिकायत नहीं ली गई तो प्रबंधन द्वारा तीन महीने से वेतन रोक दी गई है। महिला का आरोप है कि प्रधानाध्यापक इंदु तिवारी व शिक्षा विभाग के अन्य कर्मचारियों द्वारा धमकी दी जा रही है।

कुलगढ़ी संकुल के बाबू के खिलाफ नोटिस जारी की जा चुकी है। अगर भृत्य महिला की सेवा पुस्तिका नहीं मिलती है तो सेवा पुस्तिका गुमाने वाले पर एफआइआर दर्ज कराई जाएगी।
बीएस देशलहरा, जिला शिक्षा अधिकारी सतना

Published on:
15 Jul 2018 05:06 pm