सतना

बंटर ग्राहक बनाकर पहले भेजे खबरी, फिर डाला आबकारी ने छापा

आबकारी विभाग ने नामियों के यहां पकड़ी शराब, की एण्ड का, सिंघम और मेघदूत में छापा
2 min read
• •
Updated: 1 Sep 2018, 1:05 PM IST
Excise Department action in satna madhya pradesh
Excise Department action in satna madhya pradesh

सतना। शहर में होटल, रेस्टोरेंट और ढाबे की आड़ में शराब का अवैध कारोबार करने वालों के यहां आबकारी विभाग ने ताबड़तोड़ दबिश दी। सूचना लीक होने और कार्यवाही के दौरान संभलने का मौका पाकर निकल भागने से सबक लेते हुए इस बार आबकारी दस्ते ने अपने लोगों को सिविल ड्रेस में बंटर ग्राहक बना कर चिन्हित नामी होटलों में भेजा। फिर उनके संकेत पर छापा डाल दिया।

इस पर सभी होटलों से शराब की अच्छी खासी मात्रा जब्त की गई। इस दौरान कोठी तिराहे के पास स्थित की एण्ड का में दबिश के दौरान शराब की बोतल छिपाने भाग रहे युवक को आबकारी उपनिरीक्षक मीरा सिंह ने दौड़ा कर पकड़ा। इस कार्यवाही से शहर के अन्दर शराब का कारोबार करने वाले होटल संचालकों में अफराफरी मच गई है।

चुनाव आयोग अवैध कारोबार पर सख्त
प्रदेश भर के जिला निर्वाचन अधिकारियों की बैठक में चुनाव आयोग द्वारा दिए गए सख्त निर्देश के बाद अब जिला निर्वाचन अधिकारी ने आबकारी विभाग को शराब के अवैध कारोबार पर सख्ती से लगाम लगाने के निर्देश दिए हैं। इस परिदृश्य में सहायक आयुक्त आबकारी पीएल राकेश ने विशेष दस्ते गठित कर मदिरापान कराने वाले स्थलों, होटलों एवं ढाबों पर सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

तीन जगह की सर्वाधिक शिकायतें
आबकारी टीम ने इस बार कार्यवाही से पहले यह पता किया कि शहर में ऐसे कौन से स्थल हैं जहां अवैध रूप से मदिरापान कराया जाता है। जिस पर पाया गया कि रीवा रोड में सिंघम ढाबा, कोठी तिराहे के पास कीएण्डका और लालता चौक में होटल मेघदूत में यह काम व्यापक पैमाने पर होता है। इस पर आबकारी विभाग ने पहने अपने अमल को लोगों को सादी वर्दी में बंटर ग्राहक बना कर भेजा। जब ये लोग इन स्थलों में पहुंच कर वहां की सारी व्यवस्थाएं समझ लिये तो फिर इंतजार कर रहे दस्ते को संकेत भेजा। इसके बाद औचक तौर पर दो तीन गाडिय़ों में आबकारी विभाग की टीम आनन-फानन में अंदर घुसी और संबंधित स्थलों पर कार्यवाही करते हुए अवैध मदिरा जब्त की।

की एण्ड का में हुई मशक्कत
कोठी तिराहे के पास स्थित कीएण्डका की लंबे समय से शिकायत मिल रही थी। लेकिन जब भी कार्यवाही होती थी यहां से बड़ी जब्ती नहीं मिलती थी। इस बार जब सुनियोजित तरीके से कार्यवाही की गई तो पाया गया कि किचन के अंदर झोले में शराब भर कर कबाड़ के बीच रखा जाता था। जब टीम पहुंची तो यहां तैनात कर्मचारी झोला लेकर अंदर की ओर भागा। इस पर उप निरीक्षक मीरा सिंह की नजर पड़ गई और उन्होंने उसे दौड़ा लिया। अंदर कई कमरे तक जाकर उसे पकड़ा। इसी तरह मेघदूत में भी संचालक भागने लगा तो मीरा सिंह ने उसे दौड़ाया। लेकिन तब तक वह पीछे के दरवाजे से निकल कर बाहर से बंद कर के भागने में सफल रहा।

यह हुई जब्ती
सिंघम ढाबा से 12 नग बीयर के साथ अंकुल सिंह को पकड़ा गया। इसी तरह होटल कीएण्डका कोठी मोड़ से 16 पाव मैकडावल व 10 बीयर के साथ संदीप पाण्डेय को पकड़ा गया। लालता चौक स्थित मेघदूत से 4 बीयर के साथ दिनेश कुशवाहा को पकड़ा गया।

Published on: