सतना

गर्मी का कहर: मैहर मंदिर में धू धू कर अपने आप जलने लगी गाड़ियां, मची तबाही

गर्मी का कहर: मैहर मंदिर में धू धू कर अपने आप जलने लगी गाड़ियां, मची तबाही
2 min read
May 28, 2018
fire in maihar sharda devi temple
fire in maihar sharda devi temple

सतना। मध्यप्रदेश के सतना जिला अंतर्गत मैहर मंदिर में उस समय हड़कंप मच गया जब शारदा मंदिर परिक्षेत्र में सोमवार की सुबह भीषण गर्मी के कारण धू-धूकर आधा दर्जन लग्जरी कारें जलने लगी। बताया गया कि मैहर रोप-वे रास्ते पर बनी पार्किंग में अचानक आग की तेज लपटें उठने लगी। देखते ही देखते आग ने भयंकर रूप ले लिया। कुछ देर बाद आग बढ़ते हुए पार्किंग तक पहुंच आई। जहां लगभग चार कारें खाक हो गई। आनन-फानन में पुलिस सहित फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। सूचना के बाद पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया है। हालांकि अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। इधर, शारदा प्रबंधक समिति के जिम्मेदारों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

ये है मामला
मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार की सुबह करीब ११ बजे रोप-वे मार्ग पर बनी पार्किंग की ओर तेज आग की लपटें आ रही थी। कुछ देर बाद यही आग ने भयंकर रूप धारण कर लिया। रोप-वे मार्ग पर बनी पार्किंग में खड़ी आधा दर्जन गाडिय़ां आग के चपेट में आ गई। कार में लगी आग की लपटें करीब 10 फीट की ऊंचाई तक उठ रही थी। मैहर में भीषण आग को देखने के बाद श्रद्धालुओं में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते अफरा-तफरी के हालात बन गए। पूजा-अर्चना करने आए भक्तों में भी भय का वातावरण बन गया और लोगों ने मंदिर परिक्षेत्र छोड़ दिया। सूचना के बाद जब फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची तब तक चार वाहन जलकर खाक हो चुके थे। इन वाहनों में इनोवा, बुलेरो सहित अन्य वाहन बताए जा रहे हैं।

परसमनिया की ओर से आई आग
मैहर मंदिर में ऊपर जाने के लिए नीचे रोप-वे परिसर स्थित है। इस परिसर के आगे उत्तर दिशा में परसमनिया की ओर जाने वाले मार्ग में सुबह से आग लगने की बात कही जा रही थी। यही आग बढ़ते-बढ़ते मैहर मंदिर परिसर तक पहुंच आई और जिम्मेदारों को भनक तक नहीं लगी। शायद पहले चेत जाते तो चार वाहन जलने से बच जाते।

चित्रकूट में हो चुकी है 10 मौतें
उल्लेखनीय है कि तीन साल पहले चित्रकूट स्थिति कामदगिरी परिक्रमा में हवन की चिंगारी से मची भगदड़ में 10 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके बाद राज्य स्तर पर की समीक्षा उपरांत सतना जिले के दोनों प्रमुख धार्मिक स्थलों चित्रकूट एवं मैहर में व्यापकर सजगता बरते ने स्थाई आदेश जारी किए गए। ये दोनों स्थल राज्य शासन के सूची में काफी संवेदनशील माना गया है। अभी हाल ही में कलेक्टर मुकेश शुक्ला ने दोनों स्थलों में आने वाले श्रद्धालुओं और आयोजनों का हवाला देकर कानून व्यवस्था के मददेनजर जिले में तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों के रिक्त पदों की पूर्ति का डीओ लेटर राज्य शासन को भेजा है।

Published on:
28 May 2018 02:18 pm