सतना

पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष के घर में चल रहा था जुआ, पुलिस गई पकड़ने तो अपराधियों ने घेर लिया… आगे जानिए

जुआरियों ने पुलिस टीम पर बोला हमला, सभापुर थाना के तुर्कहा मोहल्ले का मामला, जुआरियों को छुड़ा ले गई भीड़

2 min read
Nov 03, 2018
gamblers attack on sabhapur police team in satna
gamblers attack on sabhapur police team in satna

सतना। बिरसिंहपुर के पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष के घर चल रहे जुआ फड़ में शुक्रवार की शाम सभापुर थाना पुलिस ने छापा मारा। इस दौरान जुआ खेल रहे पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष मजीद खान समेत सात व्यक्तियों को मौके पर पकड़ा गया। जब जब्ती कार्रवाई करते हुए पुलिस आरोपियों को लेकर चलने लगी तो भीड़ ने पुलिस को घेर लिया।

पुलिस टीम पर हमला करते हुए भीड़ जुआरियों को छुड़ा ले गई। किसी तरह सूचना मिलने पर जब थाना से पुलिस बल पहुंचा तो कार्रवाही करने गए अधिकारी व कर्मचारियों को भीड़ के बीच से मुक्त कराते हुए थाने लाया गया। थाने पहुंची पुलिस ने जुआ एक्ट का अपराध कायम करने के साथ ही शासकीय कार्य में बाधा व बलवा करने का एक मामला अलग से दर्ज किया है।

इशारे पर भीड़ ने घेरा
सूत्रों का कहना है कि पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष की पत्नी भी परिषद् अध्यक्ष रह चुकी हैं। जुआ खेलते पकड़े जाने पर मजीद के इशारे पर ही मौके पर भीड़ जमा हो गई। इसी भीड़ ने पुलिस कार्रवाही का विरोध करते हुए पुलिस अधिकारियों पर हमला कर दिया। इस घटना के बाद पकड़े गए सात जुआरियों के अलावा निक्की खान, राहिल खान, शिब्बा खान, साबिर खान, कल्लू गुप्ता, सादिक खान, अंशु खान, गुड्डा खान, शहंशाह खान, मुन्ना समेत अन्य 50 व्यक्तियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 353, 332, 294, 147, 148 के तहत अपराध कायम किया गया है।

कई दिनों से चल रहा था फड़
पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष मजीद खान अपने घर में कई दिनों से जुआ फड़ चला रहा था। पुलिस ने जुआ खेलते मजीद खान, सहबान खान, सलमान खान, भोला पाण्डेय, प्रदीप गुजराती, सरदार खान व रजनीश को पकड़ा गया। पुलिस ने इन आरोपियों के कब्जे से 20 हजार एक सौ रुपए नकद व ताश पत्ते जब्त करना बताया है। छह मोबाइल भी जब्त किए गए हैं।

Published on:
03 Nov 2018 04:50 pm