
पन्ना। मध्यप्रदेश के पन्ना जिला अंतर्गत गुनौर थाना क्षेत्र के इमलिया गांव के पास बाइक सवार दो लोगों के साथ लूट की वारदात को अंजाम देने वाले चार बदमाशों में से दो को पकडऩे में सफलता मिली है। शातिर आरोपियों को गुनौर पुलिस गुजरात से गिरफ्तार करके ले आई है। आरोपियों के पास से तीन बाइक और नकदी भी बरामद किया गया है। आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस द्वारा उन्हें कोर्ट में पेश किया गया है।
ये है मामला
गुनौर पुलिस के अनुसार 20 अप्रैल की रात पथरहटा गांव निवासी रामगोपाल बाइक में सवार होकर भांजे को लेने गुनौर मंडी जा रहा थे। इसी दौरान इमलिया के पास चार अज्ञात बाइक सवार बदमाश आए और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। नकाबपोस बदमाश जेब में रखे रुपए छीन लिए। फिर पीडि़त की बाइक लेकर फरार हो गए। मामले में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ लूट की घटना का अपराध दर्जकर आरोपियों की तलाश शुरू की। इधर पन्ना एसपी ने मामले को संज्ञान में लेते हुए आरोपियों को पकडऩे के निर्देश दिए। पर पुलिस को कोई कामयाबी नहीं मिली। कुछ दिन बाद एसपी ने एएसपी बीके सिंह परिहार के मार्गदर्शन में एक टीम गठित की। जिसमे टीआईकोतवाली अरबिंद खुजूर, थाना प्रभारी गुनौर मृगेन्द्र त्रिपाठी, सायबर सेल से राहुल सिंह ने आरोपियों को पकडऩे के लिए जाल बिछाया।
पुलिस अभिरक्षा से भाग गया था एक आरोपी
मामले की जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर ने सूचना दी कि आरोपी मोहित कुशवाहा गांव मडैयन व केशरी यादव निवासी इटवा एवं दो आरोपी समीर खान एवं प्रभू कुशवाहा निवासी कोडर थाना जसो जिला सतना के रहने वाले है। ये सभी फरारी काट रहे हैं। 30 मई को सूचना मिली कि आरोपी समीम खान पिता नसीम खान निवासी कोडर थाना जसो अपने घर में छिपा बैठा है। फिर पुलिस टीम ने आरोपी के घर में दबिश देकर पकड़ लिया। उसके कब्जे से लूट कि बाइक एमपी 35 एमए 7617 बरामद की। गुनौर पुलिस आरोपी समीम को गिरफ्तार कर थाने लाई। जहां आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। जिस पर भी थाना गुनौर में अपराध कायम किया गया है ।
दो आरोपियों को गुजरात से पकड़ लाई पुलिस
आरोपी समीम खान ने भागने से पहले रास्ते में की गई पूछताछ में पुलिस को बताया कि आरोपी मोहित कुशवाहा और केशरी यादव गुजरात के भावनगर केशरी के भाई के यहां गए है। तुरंत पुलिस टीम को भावनगर के लिए रवाना किया गया। जहां गुजरात पुलिस की मदद से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करके पन्ना लाया गया। पन्ना लाकर लूट में प्रयोग की गई बाइक के संबंध में पूछताछ की गई। तो दोनों आरोपियों के घर से एक-एक बाइक बरामद हुई। अन्य दो आरोपी समीम खान और प्रभू कुशवाहा दोनों निवासी कोडर थाना जसो जिला सतना की तलाश अभी भी जारी है। जल्द ही ये दोनों भी पुलिस की गिरफ्त में होगें।