सतना

खरीदी केन्द्रों में नहीं पहुंच रहे ट्रक, मनमानी परिवहन जारी

करही कला समिति प्रबंधक ने जिम्मेदारी से खड़े किये हाथ, लिखा डीएमओ को पत्र उसरार खरीदी केन्द्र में 5 हजार बोरियां भिंगा दी गई

2 min read
Jun 08, 2019
खरीदी केन्द्र से गोदाम के बीच इस तरह चुराया जा रहा गेहूं

सतना. प्रमुख सचिव सहकारिता की विगत सप्ताह ली गई बैठक में गेहूं की परिवहन व्यवस्था में लानत मलानत करने के बाद भी जिम्मेदारों की खुमारी नहीं उतर रही है और न ही इनके द्वारा कोई सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। नतीजा यह है कि अभी भी जिले में परिवहन व्यवस्था मनमानी तरीके से चल रही है। हालात यह है कि समितियों में गेहूं खुले आसमान में रेडी टू ट्रांसपोर्ट स्थिति में रखा है और बड़े केन्द्रों से लगातार सूचना भी दी जा रही है लेकिन डीएमओ इस मामले मे खामोश हैं। उधर परिवहन में लापरवाही बरतने पर जबलपुर में ठेकेदार पर 4 करोड़ की पेनाल्टी लगाई गई है और यहां डीएमओ नोटिस नोटिस खेल रही हैं। हाल में करही कला का मामला सामने आया है। जहां दो दिन से वाहन ही नहीं भेजे गए। उधर उसरार खरीदी केन्द्र में एक बड़ा खुलासा यह हुआ है कि यहां 5000 बोरियां वजन बढ़ाने के लिये गीली कर दी गई है।

मिली जानकारी के अनुसार करही कला सोसायटी के गेहूं खरीदी केन्द्र संतोषी वेयर हाउस में 10682 बोरी गेहूं खुले मैदान में पड़ा है। यहां के समिति प्रबंधक लगातार इसकी जानकारी जिला विपणन अधिकारी को दे रहे हैं। 6 जून को भी उन्होंने लिखित में डीएमओ को अवगत कराया कि 4 एवं 5 जून सहित आज एक भी ट्रक परिवहन करने नहीं आए। इन्होंने शीघ्र परिवहन कराने की बात कहते हुए परिवहन न होने से किसी भी तरह के नुकसान की समिति की जिम्मेदारी नहीं होने की बात कही है। सवाल यह उठ रहा है कि कलेक्टर सतेन्द्र सिंह लगातार पूरी गंभीरता से गेहूं परिवहन के लिये जिम्मेदारों को कहते रहे लेकिन अधिकारियों परिवहन व्यवस्था दुरुस्त करने में कोई गंभीरता नहीं दिखाई। हालात यह रहे कि सभी अधिकारी ठेकेदार के एजेंट की तरह ही नजर आए।

ये भी पढ़ें

udta satna: सतना जिले में नहीं एक भी नशामुक्ति केंद्र, गिरफ्त में 36% लोग, नशे की जद में आने से बिखर रहे परिवार

उसरार में भिंगा दिया गया अनाज

उधर सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार उसरार खरीदी केन्द्र में रखे गेहूं के वजन को बढ़ाने के लिये यहां बोरियों में पानी डाल दिया गया है। इतनी गर्मी में स्थिति यह है कि बोरियों के बाहर का हिस्सा तो सूख गया है लेकिन अंदर का गेहूं गीला होने से वजह बढ़ गया है। मामले की जानकारी मिलने पर डीएमओ ने कार्रवाई की अनुशंसा की है।

बीच रास्ते गेहूं उतारने पर कोई कार्रवाई नहीं

अभी हाल तिहाई से पतौरा वेयर हाउस के लिये निकले एक ट्रक गेहूं को महदेई में उतारने का मामला मीडिया में सामने आया और इसके वीडियो भी वायरल हुए लेकिन डीएमओ या संबंधित अधिकारी ने इस पर भी कोई कार्रवाई नहीं की। इसे स्पष्ट हो रहा है कि गेहूं परिवहन के खेले में अधिकारी भी शामिल हैं।

ये भी पढ़ें

Satna Flyover: कलेक्टर ने सेतु निगम से जानकारी तलब की, कांग्रेस ने मुख्यमंत्री से की शिकायत
Published on:
08 Jun 2019 12:30 am
Also Read
View All