3 मार्च को पुलिस अधिकारी भी मस्ती के मूड़ में दिखे। सभी थाना प्रभारी सहित पुलिस के जवान एसपी बगले पर एकत्र हुए।
सतना। प्रेम व भाईचारे का पर्व होली शहर सहित ग्रामीण अंचलों में धूमधाम से मनाया गया। होली का उल्लास बच्चों के साथ-साथ बूढ़ों और जवानों में भी दिखा। कोई फाग गाकर त्यौहार मनाया तो कई युवा साथी डीजे की मस्ती में मस्त नजर आए। 2 मार्च को पूरा शहर होली के रंगों व गुलाल से सराबोर रहा। जिधर देखों युवाओं की टोली सड़कों पर घूम-घूमकर मस्ती की। अब भला होली जैसे त्यौहार हो और पुलिस न होली मनाए कैसे हो सकता है।
होली के दूसरे दिन 3 मार्च को पुलिस अधिकारी भी मस्ती के मूड़ में दिखे। सभी थाना प्रभारी सहित पुलिस के जवान एसपी बगले पर एकत्र हुए। फिर ढोल-नगाड़ा मगाया गया। इस तरह झांज मजीरे की धुन छेड़ी की सभी मनमौजी अंदाज में आ गए। भांगड़ा डांस पर तो पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी लोट-पोट हो गए। सभी कदम से कदम मिलाकर धिरकने लगे। एसपी से लेकर एएसपी तक एक दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी।
महिलाएं भी पीछे नहीं
बता दें कि होली का जमकर आनंद महिलाओं ने भी उठाया गया। रंग खेलने में महिलाएं भी पीछे नहीं रही। खासकर शहर के भरहुत नगर, पुलिस कालोनी, उमरी, विराट नगर, सिविल लाइन, धवारी, राजेन्द्र नगर, सिटी कोतवाली सहित अन्य कॉलोनियों में सामुहिक रूप से एकजुट होकर होली खेली। कई कॉलोनी में महिलाओं ने फाग व होली के गीत गाकर खूब नाच-गाना भी किया।
पुलिस थानों में भी मनाई गई होली
धुरेड़ी के दूसरे दिन कोतवाली थाना, यातायात थाना, कोलगवां थाना, सिविल लाइन थाना, मैहर थाना, अमदरा थाना, कोटर थाना, नयागांव थाना, नागौद थाना सहित जिले के विभिन्न थानों में पुलिस अधिकारियों व जवानों ने जमकर होली खेली। इस दौरान होली के गीतों पर जमकर नृत्य कर रंग पर्व का भरपूर आनंद लिया। छोटे बड़े सभी ने एक दूसरे को गुलाल का तिलक लगाकर प्रेम व भाईचारा के साथ मिलकर रंगों का भरपूर आनंद लिया और जमकर होली खेली।
चुस्त दिखी सुरक्षा व्यवस्था
पर्व के दौरान कोई हुड़दंग न हो और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने होलिका दहन के दिन से पुलिस शहर के प्रमुख चौक-चौराहों व कॉलोनियों में तैनात रही। इसके अलावा मोबाइल दल व 100 डायल द्वारा भी नगर का गश्त किया गया। अतिसंवेदनसील थाने जैसे मैहर, सभापुर, मुकुंदपुर में 50-50 अतिरिक्त बल जिला पुलिस लाइन से भेजा गया था।