सतना

‘बीवी ने कहा- मर जाओ’ तो सतना में लव मैरिज के 9 महीने बाद युवक ने दी जान

Suicide Case: प्रेम विवाह के नौ महीने बाद युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, आत्महत्या से पहले रिकॉर्ड किए वीडियो में पत्नी और सास-ससुर पर लगाए प्रताड़ित करने के आरोप।
2 min read
May 31, 2026
satna
manoj kushwaha suicide case

Satna Suicide Case: मध्यप्रदेश के सतना जिले के जसो थाना क्षेत्र के कलावल गांव में एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में नया घटनाक्रम सामने आया है। घटना के तीन दिन बाद मृतक का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें वह आत्मघाती कदम उठाने से पहले अपनी पत्नी और उसके परिजनों पर गंभीर आरोप लगाता दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में मामले को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

28 मई को की थी आत्महत्या

जानकारी के अनुसार मनोज कुशवाहा ने 28 मई को पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। बताया जा रहा है कि आत्महत्या से पहले उसने एक वीडियो रिकॉर्ड किया था। वायरल वीडियो में मनोज मानसिक तनाव में दिखाई देता है और अपनी पत्नी संजना के व्यवहार को अपनी परेशानी की वजह बताता है। मृतक का आरोप था कि पत्नी मायके जाने के बाद वापस ससुराल नहीं लौट रही थी। उसने कई बार फोन कर उसे घर आने के लिए कहा, लेकिन पत्नी ने लौटने से इनकार कर दिया। वीडियो में वह यह भी दावा करता सुनाई दे रहा है कि फोन पर उसे अपमानित किया गया।

'पत्नी कहती है मर जाओ'

वीडियो में मनोज ने कहा कि- पत्नी ने मेरी जिंदगी खराब कर दी है। वो मायके से वापस नहीं आ रही है, कहती है मर जाओ, लो मैं मर रहा हूं, अपनी जान दे रहा हूं। मेरी जान लेकर उसे भी जीने का कोई हक नहीं है, मुझे इंसाफ मिलना चाहिए। मैं पेड़ पर फांसी लगा रहा हूं, इसकी जिम्मेदार मेरी पत्नी संजना, रिंकू, उनके पूरे घर के लोग, मेरे मरने का कारण केवल वही लोग हैं। आकर मेरा शरीर उठा ले जाना और मुझे न्याय दिलवाना। पत्नी के पिता ने मुझे जेल भिजवाने की धमकी दी है।

9 महीने पहले की थी लव मैरिज

परिजनों के अनुसार मनोज और संजना ने नौ महीने पहले प्रेम विवाह किया था। दोनों ने पहले कोर्ट मैरिज की थी और कुछ समय तक महाराष्ट्र के पुणे में साथ रहने के बाद अपने गांव लौट आए थे। बताया गया कि 27 मई को दोनों गांव पहुंचे थे। इसके बाद पत्नी अपने मायके रैगांव चली गई। परिवार का कहना है कि इसी कारण मनोज तनावग्रस्त था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की सत्यता और उसमें लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों और आरोपों की सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी।

Updated on:
31 May 2026 06:58 pm
Published on:
31 May 2026 06:58 pm