सतना

बहनोई के साथ कोर्ट जाने निकले मजिस्ट्रेट लापता

तलाश के बाद पत्नी ने दर्ज कराई गुमशुदगी, सायबर सेल की मदद से पुलिस तलाश में जुटी
2 min read
• •
Updated: 25 Sep 2019, 12:35 AM IST
Magistrate went to court with brother-in-law missing
Magistrate went to court with brother-in-law missing

सतना. अष्टम व्यवहार न्यायाधीश के पद पर पदस्थ एक मजिस्ट्रेट सरकारी बंगला से अपने बहनोई के साथ कोर्ट जाने के लिए निकले और फिर लापता हो गए। उनका मोबाइल फोन बंद हो जाने और समय पर घर नहीं पहुंचने पर मजिस्ट्रेट की पत्नी ने थाना सिविल लाइन में गुमशुदगी दर्ज कराई है। मामला दर्ज करने के साथ ही पुलिस सायबर सेल की मदद से मजिस्ट्रेट की तलाश में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार, सिविल लाइन क्षेत्र के शासकीय आवास आर- 296 में रहने वाले मजिस्ट्रेट आरपी सिंह पुत्र मदन सिंह (35) लापता हुए हैं। उनकी पत्नी कृष्णा सिंह (34) ने रिपोर्ट की है कि उनके सतना न्यायालय में अष्टम व्यवहार न्यायाधीश के पद पर पदस्थ उनके पति की करीब दो माह से तबियत ठीक नहीं है। सोमवार को सुबह करीब 11 बजे न्यायालय परिसर के लिए निकले थे। तब से उनका पता नहीं चल रहा। इस रिपोर्ट पर पुलिस ने गुम इंसान क्रमांक 74/19 कायम कर पता तलाश शुरू कर दी है।
रीवा में चल रहा था इलाज
रिपोर्ट दर्ज कराने वाली कृष्णा सिंह ने पत्रिका को बताया कि सिर में दर्द होने के कारण मजिस्ट्रेट आरपी सिंह का इलाज रीवा में डॉक्टर प्रदीप के यहां चल रहा था। दो महीने बाद वह सोमवार को ज्वाइनिंग देने के लिए सरकारी आवास से निकले थे। मजिस्ट्रेट सिंह अपने बहनोई वीरेन्द्र सिंह के साथ गए थे।
कोर्ट में किसी से नहीं मिले
फरियादिया ने बताया कि जब पति का फोन कई बार लगाने पर भी नहीं लगा तो वह परेशान होकर तलाश के लिए निकलीं। कोर्ट परिसर में भी अधिकारियों से जानकारी ली लेकिन किसी से वह नहीं मिले। उन्होंने कहा कि एक चपरासी ने मजिस्ट्रेट को कोर्ट परिसर में देखना बताया है। लापता मजिस्ट्रेट के बारे में जानकारी जुटाते हुए अब पुलिस हर स्तर पर तलाश करने में जुटी है।

"मजिस्ट्रेट दो महीने से छुट्टी पर थे। उनका रीवा में इलाज चल रहा था। आज डीजे के यहां ज्वाइन करने के लिए बहनोई के साथ बाइक से आए थे। अपने बहनोई को वापस कर दिया। इसके बाद न डीजे से मिले न ही अपने चेम्बर में गए। पत्नी को घर आने का एक मैसेज किया था। इसके बाद से फोन बंद है। शहर के बाहर रीवा रोड तरफ लास्ट लोकेशन मिला है। रीवा, सीधी, सिंगरौली को सूचना भेजी है। हमारी टीमें पता लगाने का प्रयास कर रही हैं।"
-रियाज इकबाल, एसपी सतना

Published on: