सतना

सती के 52 अंगों में माई का हार गिरा था यहां, फिर बाद में हुई थी इस अलौकिक मंदिर की खोज

शिव तांडव के बाद विष्णु ने सती के शरीर को 52 भागों में किया विभाजित, मैहर में गिरा हार, तो हुआ शारदा शक्तिपीठ का निर्माण

3 min read
Oct 02, 2019
maihar devi how to reach: Know about the 52 Shakti Peeth of Goddess
maihar devi how to reach: Know about the 52 Shakti Peeth of Goddess

सतना। शास्त्रों में कहा गया है कि मां का हमेशा ऊंचे स्थानों पर वास होता हैं। जिस तरह मां दुर्गा के दर्शन के लिए पहाड़ों को पार करते हुए भक्त वैष्णो देवी तक पहुंचते हैं। ठीक उसी तरह मध्य प्रदेश के सतना जिले में भी 1063 सीढिय़ां लांघ कर श्रद्धालु माता के दर्शन करने जाते हैं। मैहर नगर से 5 किलोमीटर दूर त्रिकूट पर्वत पर स्थित माता के इस मंदिर को मैहर देवी धाम कहा जाता है।

मां शारदा का मंदिर पर्वत की चोटी के मध्य में है। देश भर में माता शारदा का अकेला मंदिर सतना के मैहर में ही है। इसी पर्वत की चोटी पर माता के साथ ही श्री काल भैरवी, हनुमान जी, देवी काली, दुर्गा, श्री गौरी शंकर, शेष नाग, फूलमती माता, ब्रह्म देव और जलापा देवी की भी पूजा की जाती है।

आदि गुरु शंकराचार्य ने भी की थी 9वीं-10वीं शताब्दी में पूजा
ये भी मान्यता है कि यहां पर सर्वप्रथम आदि गुरु शंकराचार्य ने 9वीं-10वीं शताब्दी में पूजा-अर्चना की थी। शारदा देवी का मंदिर सिर्फ आस्था और धर्म के नजरिए से खास नहीं है। इस मंदिर का अपना ऐतिहासिक महत्व भी है। माता शारदा की मूर्ति की स्थापना विक्रम संवत 559 में की गई थी। मूर्ति पर देवनागरी लिपि में शिलालेख भी अंकित है। दुनिया के जाने-माने इतिहासकार ए कनिंग्घम ने इस मंदिर पर विस्तार से शोध किया है।

Patrika IMAGE CREDIT: Patrika

ये भी है मान्यता
माना जाता है कि दक्ष प्रजापति की पुत्री सती शिव से विवाह करना चाहती थी। उनकी यह इच्छा राजा दक्ष को मंजूर नहीं थी। वे शिव को भूतों और अघोरियों का साथी मानते थे। फिर भी सती ने अपनी जिद पर भगवान शिव से विवाह कर लिया। एक बार राजा दक्ष ने यज्ञ करवाया। उस यज्ञ में ब्रह्मा, विष्णु, इंद्र और अन्य देवी-देवताओं को आमंत्रित किया, लेकिन जान-बूझकर अपने जमाता भगवान शंकर को नहीं बुलाया। शंकर जी की पत्नी और दक्ष की पुत्री सती इससे बहुत आहत हुईं।

patrika IMAGE CREDIT: patrika

दक्ष प्रजापति ने भगवान शंकर को अपशब्द कहे
यज्ञ-स्थल पर सती ने अपने पिता दक्ष से शंकर जी को आमंत्रित न करने का कारण पूछा। इस पर दक्ष प्रजापति ने भगवान शंकर को अपशब्द कहे। इस अपमान से दुखी होकर सती ने यज्ञ-अग्नि कुंड में कूदकर अपनी प्राणाहुति दे दी। भगवान शंकर को जब इस दुर्घटना का पता चला, तो क्रोध से उनका तीसरा नेत्र खुल गया। उन्होंने यज्ञ कुड से सती के पार्थिव शरीर को निकाल कर कंधे पर उठा लिया और गुस्से में तांडव करने लगे।

सती के अंग को 52 भागों में किया विभाजित
ब्रह्मांड की भलाई के लिए भगवान विष्णु ने ही सती के शरीर को 52 भागों में विभाजित कर दिया। जहां भी सती के अंग गिरे, वहां शक्तिपीठों का निर्माण हुआ। अगले जन्म में सती ने हिमवान राजा के घर पार्वती के रूप में जन्म लिया और घोर तपस्या कर शिवजी को फिर से पति रूप में प्राप्त किया। माना जाता है कि यहां मां का हार गिरा था। इसलिए भक्तों की आस्था दिन प्रतिदिन बड़ रही है।

Published on:
02 Oct 2019 01:12 pm