
सतना। मैहर दर्शन करने के लिए दिल्ली सेआए एक परिवार के साथ मंगलवार दोपहर मारपीट की गई। पुरुषों के साथ महिला व बच्चों को भी धक्का मारा गया। इसमें दलाल, दुकानदार व कॉम्प्लेक्स के कर्मचारी शामिल थे। इसके पीछे कारण कमीशनखोरी का था। इस दौरान पुलिस की असंवेदनशीलता भी सामने आयी। मामला तूल पकडऩे के बाद एफआइआर दर्ज की गई और तीन को गिरफ्तार किया गया।
ये है मामला
दिल्ली के उत्तम नगर वेस्ट से विजय रजक (34) परिवार के साथ मैहर देवी दर्शन करने आए थे। वे ट्रेन से मंगलवार की सुबह मैहर पहुंचे थे। रेलवे स्टेशन से ऑटो चालक उन्हें बंधा बैरियर के पास गुड्डू की प्रसाद दुकान 83,84, 85 नंबर में लेकर गया। लेकिन, दुकानदार व ऑटो चालक के बीच कमीशन को लेकर बात नहीं बनी। लिहाजा, ऑटो चालक ने विजय के परिवार को बता दिया कि वे कॉम्प्लेक्स चले जाएं, वहां निस्तार के लिए पैसे नहीं लगते। परिवार फ्रेश होने के बाद दर्शन करने जा सकता है। उसके बाद पूरा परिवार कॉम्प्लेक्स चला गया। निस्तार के बाद मौके पर मौजूद कर्मचारी ने पैसे मांगे।
साथियों के साथ मिलकर मारपीट
इस पर विवाद खड़ा हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि कर्मचारी ने साथियों के साथ मिलकर मारपीट कर दी। महिला और बच्चों को धक्का देते हुए अभद्रता की गई। विजय का परिवार विवाद के बाद अरकंडी चौकी पहुंचा, कॉम्प्लेक्स कर्मचारियों के खिलाफ शिकायत की। डेढ़ घंटे बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की और कॉम्प्लेक्स कर्मचारी अनिल द्विवेदी पुत्र राम सुमिरन निवासी देवमऊ दलदल, उसके साथी छोटू कुशवाहा उर्फ प्रदीप पुत्र शिवनाथ व शिव लाल लोधी पुत्र शिव प्रसाद के खिलाफ धारा 151 सीआरपीसी के तहत कार्रवाई कर गिरफ्तार किया।
पुलिस ने दिखाई असंवेदनशीलता
अरकंडी पुलिस की असंवेदनशीलता भी दिखाई दी। जब पीडि़त पक्ष चौकी पहुंचा, तो पुलिस ने शिकायत ही नहीं ली। लगभग डेढ़ घंटे तक पीडि़त भटकते रहे। मामला तूल पकड़ा और इसकी जानकारी चौकी प्रभारी को सूचना दी गई। उसके बाद एफआइआर दर्ज हुई।
कमीशनखोरी बड़ी समस्या
मैहर में दलालों का बड़ा नेटवर्क काम करता है। स्टेशन, बस स्टैंड से लेकर बंधा बैरियर, दुकान व मंदिर के अंदर तक वे सक्रिय नजर आते हैं। वे कमीशन पर दर्शनार्थियों को दुकान पहुंचाते हैं। होटल से लेकर प्रसाद उपलब्ध कराने में कमीशन फिक्स रहता है।