
Satna Murder Case: मध्यप्रदेश के सतना में सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर को एक बुजुर्ग का शव धर्मशाला के कमरे में मिलने से हड़कंप मच गया। धर्मशाला के कमरे से तेज बदबू आने पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची थी। जिस कमरे में शव मिला है वो बाहर से बंद था और ताला लगा हुआ था। पुलिस ने कमरे का ताला तोड़ा और अंदर पहुंची तो शव बरामद हुआ। तीन पहले गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शनिवार दोपहर को सिटी कोतवाली थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि धर्मशाला के एक कमरे से तेज बदबू आ रही है। पुलिस मौके पर पहुंची तो कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था और ताला लगा हुआ था। पुलिस टीम ने ताला तोड़ा और अंदर पहुंची तो कमरे में रखी चारपाई पर गद्दे में लिपटा बुजुर्ग का शव मिला। मृतक की पहचान 70 वर्षीय बिहारी पाठक के रूप में हुई है जो अपनी पत्नी के साथ बीते कई सालों से धर्मशाला में रह रहे थे और भीख मांगकर गुजारा करते थे।
पुलिस की जांच में पता चला है कि मृतक बिहारी पाठक की पत्नी देवकली पांडे का 8 दिन पहले निधन हो गया था और परिवार के सदस्य उनका अंतिम संस्कार करने के लिए प्रयागराज गए हुए हैं। पुलिस को कमरे में चारपाई के नीचे कुछ खाली पर्स भी मिले हैं। शुरुआती जांच में गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है, पुलिस को अंदेशा है कि तीन दिन पहले बुजुर्ग की हत्या की गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।