सतना

MP election 2018: विधायक तो हम भी चुनते हैं फिर स्वास्थ्य सुविधाओं में ऐसा भेदभाव क्यों, पढ़ें विधानसभा बार मुख्य मुद्दे

मुद्दा: इलाज के लिए बड़े शहरों पर निर्भर, जिले के ज्यादातर स्वास्थ्य केंद्रों में नहीं चिकित्सक

3 min read
Oct 29, 2018
MP election 2018: Satna district Assembly wise Health issues in Hindi

विक्रांत दुबे@सतना। जिले की हर विधानसभा आबादी की दृष्टि से लगभग बराबर है। महज कुछ हजार का अंतर देखने को मिलता है। पर, स्वास्थ्य सुविधाओं की बात की जाए तो जमीन-आसमान का अंतर है। जिले की करीब 25 लाख की आबादी के लिए 108 शासकीय डॉक्टर पदस्थ हैं। 51 डॉक्टर सतना विधानसभा में पदस्थ हैं। इसके पीछे कारण यहां जिला अस्पताल का होना है। दूसरे नंबर पर मैहर आता है। वहां सिविल अस्पताल में 18 डॉक्टर हैं।

रैगांव में सबसे कम 5 डॉक्टर हैं। अगर आबादी के आधार पर इनकी पदस्थापना करनी होती, तो हर विधानसभा में 15 डॉक्टर होने चाहिए थे। लेकिन, स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर सीधे तौर पर भेदभाव दिख रहा है। एक विधानसभा की आबादी लाभ की स्थिति में है तो चार विधानसभा ऐसी हैं, जहां मामूली बुखार के लिए भी लोगों को भटकना पड़ता है। पत्रिका ने जब इन विधानसभा क्षेत्र के लोगों से बात की तो सभी का कहना था कि विधायक-सांसद तो हम भी चुनते हैं फिर सुविधा में भेदभाव क्यों? इस बार उसी को मतदान करेंगे जो हमें हमारा हक दिलाने का वादा करेगा।

ये भी पढ़ें

नुक्कड़ नाटक से मतदान के प्रति किया जागरूक, देखे इन तस्वीरों में

1- सतना विधानसभा: मरीजों के बोझ तले दबे शहरी डॉक्टर
सतना विधानसभा सीट पर भाजपा के शंकरलाल तिवारी का कब्जा है। यहां 2,30,400 मतदाता हैं। इसमें पुरुष 121729, महिला 108661, थर्ड जेंडर 10 हैं। आबादी की बात करें तो शहर की 3.5 लाख है। लेकिन, स्वास्थ्य सुविधाओं की दृष्टि से देखा जाए तो 51 डॉक्टर पदस्थ हैं। इसमें 44 डॉक्टर जिला अस्पताल में हैं। इन पर पूरे जिले के मरीजों का बोझ है। विधानसभा में 7 पीएचसी, दो यूपीएचसी भी हैं। वहां कुल सात चिकित्सक पदस्थ हैं।
जिला अस्पताल
07 पीएचसी
02 यूपीएचसी
51 डॉक्टर
3.50 लाख आबादी

2- नागौद विधानसभा: 11 डॉक्टर-दो सीएचसी के भरोसे आबादी
नागौद क्षेत्र से कांग्रेस के यादवेंद्र सिंह विधायक हैं। यहां 2,14,624 मतदाता हैं। इनमें पुरुष 112865, महिला 101753, थर्ड जेंडर 06 हैं। आबादी करीब 4 लाख है। उसके बावजूद पूरे विधानसभा क्षेत्र के लिए मात्र 11 डॉक्टर हैं। विधानसभा क्षेत्र में 02 सीएचसी और 8 पीएचसी हैं। तीन डॉक्टर नागौद सीएचसी में और 3 उचेहरा सीएचसी में पदस्थ हैं। जबकि आठ पीएचसी में 5 डॉक्टर हैं। यानी तीन पीएचसी बिना डॉक्टर के चल रही है।
स्वास्थ्य केन्द्र
02 सीएचसी
08 पीएचसी
11 डॉक्टर
04 लाख आबादी

3 अमरपाटन विधानसभा: विस उपाध्यक्ष के क्षेत्र की जनता सतना पर निर्भर
अमरपाटन विधानसभा सीट से विस उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह विधायक हैं। यहां कुल 2,19,688 मतदाता हैं। इनमें पुरुष 115183, महिला 104504, थर्ड जेंडर 1 हैं। इनमें करीब 4.25 लाख आबादी है। इसे पूरे क्षेत्र के लिए 9 डॉक्टर हैं। विधानसभा क्षेत्र में 02 सीएचसी और 06 पीएचसी हैं। इनमें एक सीएचसी में 6 डॉक्टर और दूसरे सीएचसी में 1 तथा 6 पीएचसी के बीच 2 डॉक्टर पदस्थ हैं। गंभीर बीमारी के लिए लोग जिला अस्पताल पर निभज़्र हैं।
स्वास्थ्य केन्द्र
02 सीएचसी
06 पीएचसी
09 डॉक्टर
4.25 लाख आबादी

4- चित्रकूट विधानसभा: तबीयत खराब तो 80 किमी. का सफर
चित्रकूट विस क्षेत्र प्रदेशभर में चर्चित रहा। उपचुनाव जीतने के लिए पूरी सरकार ने दम लगा दिया था पर जीत कांग्रेस की हुई। क्षेत्र में कुल 1,98,081 मतदाता हैं। पुरुष 106834, महिला 91247 हैं। आबादी करीब तीन लाख है। केवल 6 डॉक्टर के भरोसे पूरी विधानसभा है। अगर किसी की तबीयत ज्यादा खराब हो जाए, तो 70-80 किमी का सफर कर जिला अस्पताल आना होता है।
स्वास्थ्य केन्द्र
01 सीएचसी
07 पीएचसी
06 डॉक्टर
03 लाख आबादी

5- मैहर विधानसभा: चर्चित सीट के स्वास्थ्य केंद्र बिना डॉक्टर के
मैहर विधानसभा सीट हमेशा चर्चित रही है। कांग्रेस से भाजपा में आए नारायण त्रिपाठी के पास यहां की सत्ता है। क्षेत्र में 234282 मतदाता हैं। पुरुष 122719, महिला 111554, थर्ड जेंडर 9 हैं। आबादी 4.5 लाख है। पूरे क्षेत्र के लिए 18 डॉक्टर हैं। सभी सिविल अस्पताल में हैं। 1 सीएचसी और 5 पीएचसी हैं। अमदरा सीएचसी में कोई डॉक्टर नहीं है। पांच पीएचसी बिना डॉक्टर के हैं।
01 सिविल अस्पताल
01 सीएचसी
05 पीएचसी
18 डॉक्टर
6.50 लाख आबादी

6- रामपुर बाघेलान विधानसभा: मंत्री के इलाके में जनता भी परेशान
राज्यमंत्री हर्ष सिंह का क्षेत्र भी उपेक्षित है। 236524 मतदाता हैं। आबादी करीब 4 लाख है। क्षेत्र के लिए 6 चिकित्सक हैं। 1 सीएचसी और 07 पीएचसी हैं। दो डॉक्टर सीएचसी रामपुर में पदस्थ हैं। वहीं 7 पीएचसी में 4 डॉक्टर हैं।
स्वास्थ्य केन्द्र
01 सीएचसी
07 पीएचसी
06 डॉक्टर
04 लाख आबादी

7- रैगांव विधानसभा: यहां भी सरकार को नहीं सुध
रैगांव से बसपा की ऊषा चौधरी विधायक हैं। यहां कुल 1,98,022 मतदाता हैं। इनमें पुरुष 105200, महिला 92815, थर्ड जेंडर 7 हैं। आबादी करीब तीन लाख है। इस क्षेत्र के लिए कुल पांच डॉक्टर हैं। विधानसभा क्षेत्र में 1 सीएचसी और 5 पीएचसी हैं। कोठी सीएचसी में दो और पांच पीएचसी में 3 डॉक्टर पदस्थ हैं। पूरा क्षेत्र पिछड़ा है। उसके बावजूद स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर गंभीरता नहीं हैं।
स्वास्थ्य केन्द्र
01 सीएचसी
05 पीएचसी
05 डॉक्टर
03 लाख आबादी

ये भी पढ़ें

MP election 2018: कांग्रेस ने टिकट काटकर राजाराम को प्रत्याशी बनाया तो निर्दलीय लड़ विधायक बने थे रामप्रताप

Published on:
29 Oct 2018 07:12 pm
Also Read
View All