14 जून 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

परसमनिया गढ़ी गोली कांड: तलाक की कगार तक पहुंचे रुपेन्द्र और योगिता, धारा 9 का केस फाइल

नागौद राजपरिवार के सदस्य रुपेन्द्र सिंह और उनकी पत्नी योगिता के रिश्ते अब तलाक की कगार तक पहुंच गए हैं। इस बीच परसमनिया गढ़ी गोलीकांड ने इस केस को अब नया रुख भी दे दिया है।

4 min read
Google source verification
nagod

सतना। नागौद राजघराने (NagodRoyalFamily) की परसमनिया गढ़ी गोली कांड की तस्वीर अब बदलती नजर आ रही है। शनिवार को घटना के दौरान के लाइव वीडियो सामने आया है। जिसमें रुपेन्द्र सिंह की पत्नी योगिता सिंह और उनके भाई ने अन्य लोगों के साथ मिल कर पहले रूपेन्द्र सिंह के साथ काफी मारपीट की है। मारपीट इस कदर की गई है कि रुपेन्द्र लहूलुहान तक हो गए। इस मारपीट के बाद गोलियां चलने और दीवार से टकराने के दृश्य भी वीडियो में नजर आ रहे हैं। जिसे लेकर रुपेन्द्र सिंह की ओर से कहा जा रहा है कि यह गोलियां आत्मरक्षा में चलाई गई है। उधर रुपेन्द्र सिंह ने यह भी खुलासा किया है कि योगिता से टूटते वैवाहिक रिश्तों को बचाने के लिए उन्होंने सतना न्यायालय में हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 9 का केस भी लगा रखा है लेकिन उन्होंने इसका कोई जवाब नहीं दिया है। अब जल्द ही यह मामला तलाक की धारा 13 के लिए स्टैण्ड होगा।

रुपेन्द्र ने कहा, झूठी है योगिता

रुपेन्द्र सिंह ने पत्रिका को बताया कि योगिता सिंह लगभग 8 साल से मनमानी पर उतर आई थीं। यहां रहने की बजाय वे अक्सर बिना बताए मायके चली जाती थीं और लगातार झूठ बोल रही थीं। एक बार उनके माता पिता आए तो उन्होंने यह बताया कि वे बागेश्वरधामा जाना चाह रही हैं। इसके बाद वे माता पिता के साथ चली गईं। बाद में पता चला कि वे अपने मायके उदयपुर पहुंच गई। अक्सर वे मायके में ही रहती थीं। जब कभी यहां गढ़ी में आती थीं तो उल्टी सीधी हरकतें करती थीं। उनका लक्क्ष्य हमारी पारिवारिक प्रापर्टी पर कब्जा जमाना हो गया था। इन सबसे परेशान होकर हमने अपने टूट रहे रिश्ते को बचाने और सुलह के जरिए उन्हें वापस लाने हिन्दू विवाह अधिनियम की धारा 9 के तहत वैवाहिक अधिकारों की पुनर्स्थापना का केस दायर किया। इस वक्त वे उदयपुर राजस्थान में रह रही थी। कई नोटिस गईं लेकिन उन्होंने इसे लिया नहीं। इसके बाद हमने उदयपुर में आम सूचना भी प्रकाशित करवाई। पिता जी के निधन के बाद वे नागौद में आईं और यहां रहने लगी। नागौद के पते पर भी दो नोटिस दिए गए लेकिन उसे भी लेने से इंकार कर दिया। इससे साबित हो रहा है कि वे वैवाहिक संबंधों को लेकर न तो गंभीर हैं और यहां साथ रहना चाहती है। उनके और परिवार की नजर हमारी प्रापर्टी पर है और उसके लिए ये सब कृत्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस परिवार की नजर प्रापर्टी पर है इसका उदाहरण योगिता की छोटी बहन का वह कथन भी है जो उन्होंने हमारे वकील से कहा था। उन्होंने कहा था कि 5 करोड़ रुपए में सब सेटल हो जाएगा। अर्थात उन्होंने कीमत तय कर रखी है रिश्तों की।

प्रापर्टी विवाद भी है कारण

रुपेन्द्र सिंह के अनुसार योगिता सिंह की नजर उनके पेट्रोल पंप सहित पूरी प्रापर्टी पर है। इसी नीयत से उन्होंने गुरुवार को अपने भाई के साथ मिलकर मुझ पर हमला करवाया था। विवाह के दौरान परिवार की ओर से जो भी ज्वेलरी उन्हें दी गई थी वह सभी वे अपने साथ ले जा चुकी है। गढ़ी में सिर्फ उनके कुछ कपड़े मात्र बचे हैं। वे यहां रह भी नहीं रही हैं।

लाइव वीडियो ने बदली कहानी

गुरुवार को हुए गोलीकांड का लाइव वीडियो भी अब सामने आ गया है। इस वीडियोक्रम ने घटनाक्र की कहानी को नया रंग दे दिया है। वीडियो में दिख रहा है कि रुपेन्द्र सिंह का एक हाथ उनके बेटे पृथु सिंह ने पकड़ रखा है। बेटे के सामने योगिता सिंह खड़ी हैं। इसी बीच रुपेन्द्र सिंह पर हमला होता है। गाली गलौज होती है। रुपेन्द्र सिंह के सिर और अन्य स्थानों पर खून नजर आ रहा होता है। तभी पीछे से मार-मार की आवाज भी आती है। पीछे से एक आवाज सुनीता को गाली देती हुई सुनाई देती है जो कथित तौर पर योगिता के भाई नागेन्द्र सिंह की है। जब रुपेन्द्र सिंह के साथ मारपीट हो रही होती है तो तब फायर होता है और गोलियां दीवार में आकर टकराती नजर आ रह हैं। इस दौरान बाबाराज कई बार अपने बेटे को भी चेताते हुए दिख रहे हैं और वे लगातार कह रहे हैं "पृथु डॉन्ट डू दैट..."

योगिता के भाई पर दर्ज हुई एफआईआर

इधर रुपेन्द्र सिंह की रिपोर्ट पर उचेहरा थाना पुलिस ने अपने साले नागेन्द्र सिंह राठौर पिता चरणजीत सिंह राठौर निवासी उदयपुर और उनके दो साथियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की है। नागेन्द्र और उनके साथियों पर बीएनएस की धारा 296 बी अश्लील शब्द बोलना, धारा 115(2) चोंट पहुंचाना, धारा 351(3) गंभीर आपराधिक धमकी देना. धारा 3(5) कई लोगों द्वारा समान आशय से मिलकर अपराध कारित करना के तहत प्रकरण कायम किया है।

सुनीता को बताया बिजनेस पार्टनर

रुपेन्द्र सिंह बाबाराजा ने पुलिस के उस बयान पर भी तल्खी दिखाई है जिसमें पुलिस ने सुनीता सिंह को रुपेन्द्र सिंह की दूसरी पत्नी बताया था। उन्होंने कहा कि यह सरासर गलत है और पुलिस द्वारा जल्दबाजी में दी गई छिछली स्तर की प्रतिक्रिया है। सुनीता मेरी बिजनेस पार्टनर हैं।