सतना

असिस्टेंट प्रोफेसर ने बस में महिला से की अश्लील हरकत, पीड़िता ने बनाया वीडियो

mp news: पीड़ित महिला ने असिस्टेंट प्रोफेसर की अश्लील हरकत का वीडियो बनाकर पुलिस में दर्ज कराई शिकायत, कॉलेज में छात्रों ने प्रदर्शन कर सस्पेंड करने की मांग की।
2 min read
Mar 24, 2026
maihar
Assistant Professor Alok Sinha Indecent Act Against Woman on Bus

mp news: मध्यप्रदेश के मैहर जिले में सरकारी कॉलेज के एक असिस्टेंट प्रोफेसर पर अश्लील हरकत करने के आरोप लगे हैं। एक महिला ने चलती बस में अश्लील हरकत करने के आरोप लगाते हुए असिस्टेंट प्रोफेसर के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता ने सबूत के तौर पर असिस्टेंट प्रोफेसर का अश्लील हरकत करते हुए बनाया वीडियो भी पुलिस को सौंपा है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच में ले लिया है और जांच में आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही है।

असिस्टेंट प्रोफेसर की अश्लील हरकत

मैहर जिले के अमरपाटन शासकीय महाविद्यालय के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. आलोक कुमार सिन्हा पर एक महिला से चलती बस में अश्लील हरकतें करने का आरोप हैं। पीड़िता के मुताबिक वो सोमवार को सुबह 11 बजे सतना से बस में बैठकर अमरपाटन आ रही थी। इसी दौरान भटनवारा के पास उसके बगल की सीट खाली हुई तो असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. आलोक कुमार सिन्हा उस सीट पर आकर बैठ गया और कुछ देर बाद ही अश्लील हरकतें करना शुरू कर दी।

महिला ने बनाया वीडियो

असिस्टेंट प्रोफेसर आलोक कुमार सिन्हा जब महिला के साथ अश्लील हरकत कर रहे थे तब वो इस बात से अंजान थे कि महिला उनकी हरकतों को बेनकाब करने के लिए मोबाइल से वीडियो बना रही है। महिला ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल से बनाकर पुलिस को सबूत के तौर पर सौंपा है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर डॉ. आलोक कुमार सिन्हा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 74 और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। थाना प्रभारी विजय सिंह परस्ते पुलिस ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कॉलेज में छात्रों ने किया विरोध प्रदर्शन

असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. आलोक कुमार सिन्हा पर महिला के द्वारा अश्लील हरकत करने के आरोप लगाए जाने के बाद शासकीय महाविद्यालय अमरपाटन में छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों ने असिस्टेंट प्रोफेसर के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अमरपाटन तहसीलदार आरडी साकेत को संभागीय कमिश्नर के नाम ज्ञापन सौंपा है और असिस्टेंट प्रोफेसर आलोक कुमार सिन्हा को सस्पेंड करने की मांग की है। छात्रों ने चेतावनी दी है कि अगर असिस्टेंट प्रोफेसर आलोक कुमार को सस्पेंड नहीं किया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।

Updated on:
24 Mar 2026 05:21 pm
Published on:
24 Mar 2026 05:21 pm