
Waterlogged School (Gen-Alpha ने जाम किया सतना-अमरपाटन रोड Photo Source- Input)
Satna News :मध्य प्रदेश के सतना जिले में स्थित एक स्कूल परिसर में लंबे समय ले पानी भरा रहने के विरोध में स्कूल में पढ़ने वाले विशेषकर जेन-अल्फा छात्रों ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। रामपुर बाघेलान के चोरहटा स्थित पीएम श्री उच्चतर माध्यमिक स्कूल परिसर में बारिश का पानी घुटनों तक भरने से छात्रों का आक्रोश बुधवार को फूट पड़ा। जलभराव से परेशान विद्यार्थियों ने अमरपाटन - सतना मार्ग पर पहुंचकर चक्काजाम कर दिया।
छात्रों के प्रदर्शन के चलते मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात बाधित रहा। छात्रों के मुताबिक, बारिश के बाद स्कूल के ग्राउंड और परिसर में बड़ी मात्रा में पानी जमा हो गया। जलभराव के कारण विद्यार्थियों को स्कूल पहुंचने के साथ ही परिसर में एक स्थान से दूसरे स्थान तक आने - जाने में परेशानी हो रही थी। छात्रों का कहना था कि, स्कूल में जलभराव की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया जा सका है। ऐसे में हमें अपना विरोध दर्ज कराने के लिए इस तरह का निर्णय लेना पड़ा है, जो आम लोगों के लिए परेशानी खड़ी कर रहा है।
लगातार परेशानी से नाराज छात्रों ने स्कूल परिसर से बाहर निकलकर सड़क पर प्रदर्शन शुरु कर दिया। यी नहीं, नारेबाजी करते हुए जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की। चक्काजाम के कारण अमरपाटन-सतना मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ और सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। चक्काजाम की सूचना मिलते ही रामपुर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत कर उनकी समस्या सुनी और जल्द समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रशासन ने जेसीबी की मदद से स्कूल परिसर में जमा बारिश के पानी की निकासी का काम शुरू कराया।
प्रशासन की ओर से जल निकासी की कार्रवाई शुरू किए जाने के बाद छात्रों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया। चक्काजाम खत्म होने के बाद अमरपाटन-सतना मार्ग पर यातायात व्यवस्था सामान्य हो गई। छात्रों ने प्रशासन से मांग की है कि स्कूल परिसर से तत्काल पानी निकालने तक ही कार्रवाई सीमित न रहे, बल्कि स्थायी जल निकासी व्यवस्था बनाई जाए।
Updated on:
20 Aug 2026 11:05 am
Published on:
20 Aug 2026 11:05 am
