MP News: मध्यप्रदेश के सतना के पूर्व विधायक शंकरलाल तिवारी ने दिल्ली एम्स में अंतिम सांस ली।
MP News: मध्यप्रदेश के सतना से बड़ी खबर सामने आई है। जहां भाजपा के पूर्व विधायक शंकरलाल तिवारी का निधन हो गया है। दिल्ली एम्स में उनका कई महीनों से इलाज चल रहा था। उनके निधन से राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ पड़ी।
सतना के लोग शंकरलाल तिवारी को बाबू के नाम से पुकारते थे। वह एक बार निर्दलीय और तीन बार लगातार विधायक रह चुके हैं। साल 2018 में पहली बार चुनाव हारे थे और साल 2023 में उनकी टिकट काट दी गई थी।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने पूर्व विधायक शंकरलाल तिवारी के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि वरिष्ठ भाजपा नेता एवं सतना विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक श्री शंकरलाल तिवारी जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।
डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला ने शोक जताते हुए लिखा कि वरिष्ठ राजनेता एवं पूर्व विधायक श्री शंकरलाल तिवारी जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। ईश्वर से कामना है कि पुण्यात्मा को मोक्ष गति प्रदान करें एवं परिजनों को यह दुख सहन करने की क्षमता दें। अपार कष्ट की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने लिखा कि वरिष्ठ भाजपा नेता एवं सतना विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक श्री शंकरलाल तिवारी जी के निधन का समाचार अत्यंत दु:खद है। उनका अवसान भारतीय जनता पार्टी परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। सतना के विकास और संगठन के विस्तार में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। शोक संतप्त परिजनों के प्रति मैं गहरी शोक संवेदनाएँ व्यक्त करता हूँ। परमपिता परमेश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोक संतप्त परिवार को इस कठिन असीम दु:ख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।