सतना

नागौद राजपरिवार गोलीकांड में आया नया मोड़, मेडिकल रिपोर्ट से सामने आया सच

Nagod Royal Family Shooting Case: मारपीट के दौरान फोटो फ्रेम से हमले से रुपेन्द्र सिंह के बाएं हाथ की हड्डी टूटी मिली, मेडिकल रिपोर्ट में हुई पुष्टि, रूपेंद्र के साले को गिरफ्तार कर सकती है पुलिस, आरोपियों पर पुलिस ने बढ़ाई धारा।
3 min read
• •
Updated: 18 Jun 2026, 7:58 PM IST
nagod royal family
nagod royal family firing case new twist, नागौद राजपरिवार गोलीकांड केस में नया मोड़, रुपेन्द्र सिंह के हाथ में हुआ फ्रैक्चर (source-patrika)

Royal Family Shooting Case: मध्यप्रदेश के सतना जिले के नागौद के पूर्व राजघराने की परसमनिया गढ़ी में 11 जून को हुए बहुचर्चित गोलीकांड में जांच आगे बढ़ने के साथ नए तथ्य सामने आ रहे हैं। गोली लगने से घायल राजपरिवार की बहू योगिता सिंह जहां रीवा के विंध्य सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती हैं, वहीं उनके भाई नागेंद्र सिंह और दो अन्य आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने मामला और गंभीर कर दिया है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों पर गंभीर चोट पहुंचाने की धारा बढ़ाई गई हैं।

मेडिकल रिपोर्ट में हाथ में मिला फ्रैक्चर

उचेहरा पुलिस को घायल रूपेंद्र सिंह की मेडिकल रिपोर्ट जिला अस्पताल से मिली है। रिपोर्ट में उनके बाएं हाथ की कोहनी के नीचे की हड्डी में फ्रैक्चर पाया गया है। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 117 (स्वेच्छा से गंभीर चोट पहुंचाना) जोड़ दी है। पुलिस ने पहले ही रूपेंद्र सिंह की शिकायत पर उनके साले नागेंद्र सिंह और दो अन्य लोगों के खिलाफ मारपीट, तोड़फोड़ और अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया था। उचेहरा थाना प्रभारी सतीश मिश्रा ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई कर नोटिस जारी किया जाएगा

वायरल वीडियो बने जांच का अहम आधार

घटना के बाद सामने आए वीडियो पुलिस जांच का जरूरी हिस्सा बने हैं। एक वीडियो में रूपेंद्र के साथ ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा मारपीट होती दिखाई दी। वीडियो में उनके कपड़े फटे नजर आए इसी दौरान गोली चलने और योगिता की चीखें भी सुनाई देती हैं। इसी बीच फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने परसमनिया गढ़ी पहुंचकर निरीक्षण किया। जांच के दौरान किले की एक दीवार पर गोली लगने के तीन निशान मिले हैं। पुलिस इन साक्ष्यों के आधार पर गोलीबारी की परिस्थितियों का पुनर्निर्माण करने का प्रयास कर रही है।

योगिता सिंह की हालत में सुधार

गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुईं योगिता सिंह का इलाज रीवा के विंध्य सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में जारी है। घटना के बाद उन्हें पहले सतना और फिर रीवा रेफर किया गया था। पुलिस के अनुसार योगिता सिंह की स्थिति में सुधार हो रहा है और डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।

यह है मामला

पुलिस जांच के अनुसार रूपेंद्र सिंह और उनकी पत्नी योगिता सिंह के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। योगिता सिंह परसमनिया गढ़ी में नहीं रहती थीं। 11 जून को वे अपने बेटे, मां, भाई नागेंद्र सिंह और अन्य परिजनों के साथ गढ़ी पहुंचीं। उस समय गढ़ी में रूपेंद्र के साथ उनकी कथित बिजनेस पार्टनर एवं महिला मित्र सुनीता सिंह परिहार भी मौजूद थीं। योगिता सिंह के पक्ष ने सुनीता को गढ़ी से बाहर निकालने की कोशिश की, जिसका रूपेंद्र ने विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। पुलिस के मुताबिक विवाद बढ़ने पर सुनीता ने स्वयं को एक कमरे में बंद कर लिया और खिड़की से बंदूक से कई राउंड फायर किए। इसी दौरान चली एक गोली योगिता के पेट में जा लगी। पुलिस ने फायरिंग की आरोपी सुनीता सिंह परिहार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था, जहां से जेल भेज दिया गया था।

Updated on:
18 Jun 2026, 7:58 PM IST
Published on: