रसद के साथ असलहा छोड़ भागा गिरोह, उप्र पुलिस ने घेरा अपने इलाके का जंगल
सतना. मप्र और उप्र के बियावान जंगलों में सक्रिय डकैत बबुली कोल गिरोह से रविवार को उप्र पुलिस का सामना हो गया। परासिन के जंगल में हुई इस मुठभेड़ में पुलिस की घेराबंदी से बचकर डकैत गोलियां दागते हुए भाग निकले। सर्चिंग कररते हुए जब पुलिस टीम डकैतों के ठीहे तक पहुंची तो वहां से बंदूक, कारतूस के साथ खाने पीने का सामान बरामद हुआ। अब जंगल में पुलिस ने पहरा बढ़ा दिया है। इधर, मप्र पुलिस की टीमें भी अपने इलाके में नजर रखे हुए हैं ताकि दस्यु दल इस ओर शरण न ले सके। उप्र पुलिस के अनुसार, एसपी चित्रकूट मनोज कुमार झा के नेतृत्व में दस्यु बबुली कोल गैंग के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान मुठभेड़ हुई। मप्र की सीमा से सटे थाना मारकुण्डी अंतर्गत परासिन के जंगल में प्रभारी निरीक्षक मानिकपुर, थाना प्रभारी मारकुण्डी, एंटी डकैती टीम के साथ डीआईजी रेंज चित्रकूट धाम की एंटी डकैती टीमें कॉम्बिग कर रही थीं। तभी पुलिस टीम और डकैत गैंग का आमना सामना हो गया। पुलिस को देख डकैतों ने गोली चलाई तो अपना बचाव करते हुए पुलिस ने भी फायर खोल दिया। इस बीच घने जंगल का फायदा उठाकर डकैत गैंग भाग निकला।
यह बरामद हुआ
उप्र पुलिस ने मुठभेड़ के बाद जंगल में सर्चिंग करते हुए ३१५ बोर की एक राइफल जिसके चेम्बर में कारतूस फंसा था। थर्टी स्प्रिंग फील्ड राइफल के २६ कारतूस, 315 बोर के 6 कारतूस, दैनिक उउपयोग की वस्तुओं में आटा, चावल, दाल, साबुन, टॉर्च, मोबाईल चार्जर, खाना बनाने के बर्तन बरामद किए गए हैं।
इस टीम से हुई मुठभेड़
डकैतों से मुठभेड़ करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक थाना मानिकपुर केशव प्रसाद दुबे व उनकी टीम, मारकुण्डी थाना प्रभारी मोहम्मद अकरम व उनकी टीम, एंटी डकैती टीम चित्रकूट, एंटी डकैती टीम डीआईजी रेंज चित्रकूट धाम, सर्विलांस आरक्षक जितेंद्र कुमार शामिल रहे।
सक्रिय रही मप्र पुलिस
उप्र के इलाके में डकैतों से मुठभेड़ की खबर पाकर धारकुण्डी, मझगवां, नयागांव थाना प्रभारी अपनी टीमों के साथ बार्डर पर नजर लगाए रहे। दस्यु उन्मूलन अभियान में काम करने वाले पुलिस अफसर भी डकैतों के बारे में सर्विलांस की मदद से जानकारी जुटाते रहे। इसके साथ ही मुखबिरों को अलर्ट किया गया है। ताकि दस्यु दल मप्र की ओर आमद न कर सके।