फ्लाइओवर की दूसरी सर्विसलेन चौड़ीकरण के लिए गिराया जाएगा अवैध कब्जा
सतना। शहर से गुजरने वाले हाइवे के चिह्नित हिस्सों में लगातार एक दशक से टूट रही सड़क और बनने वाले गड्ढों को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त निर्णय लिया है। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में नेशनल हाइवे अथॉरिटी, सेतु निर्माण विभाग, लोक निर्माण विभाग, नगर निगम के अधिकारियों सहित उनके निविदाकारों की बैठक में कलेक्टर मुकेश शुक्ला ने दो टूक कहा कि हमें तकनीकी रूप से सही काम चाहिए। पहले आप हाइवे की पटरी का लेवल सड़क के लेवल से नीचे करिए।
इसके बाद जहां भी सड़क टूटी है उसे पूरी चौड़ाई में रिपेयर कीजिए। निगमायुक्त प्रवीण सिंह अढ़ायच ने सेतु निर्माण विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाई। कहा, प्रशासन आपके पीछे-पीछे नहीं घूमेगा। आप अपने काम की मॉनीटरिंग करें और जहां समस्या हो हम उसके निपटारे के लिए उपलब्ध हैं। जनता आपकी वजह से परेशान हो रही है। इस दौरान फ्लाइओवर की दूसरी सर्विस लेन को 7 मीटर चौड़ी करने अवैध कब्जा हटाने का निर्णय लिया गया।
अवैध कब्जे हटाइए और सर्विसलेन का काम करें
फ्लाइओवर की समीक्षा में कलेक्टर ने कहा, सर्विस लेन के जो भी हिस्से छूटे हैं विशेष कर सेमरिया चौराहे का उसे पूरा करें। साथ ही सिंधु स्कूल के सामने सर्विसलेन के ओवरवर्डन को हटाकर सर्विस लेन चलने लायक बनाएं। मोहल्लों से जुडऩे वाली सड़कों के सामने का ड्रेन नीचा करें। होटल सवेरा से दशमेष तक उत्तरी सर्विस लेन की चौड़ाई 7 मीटर करने का काम प्रारंभ करने को कहा। ठेकेदार ने भूमि उपलब्धता की बात कही। इस पर कलेक्टर ने निगमायुक्त से कहा कि कल सभी संबधितों को स्वयं से अपना अतिक्रमण हटाने सूचित कर दीजिए। अगले तीन दिन बाद अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई तेजी से करें। ताकि सर्विस लेन का काम शुरू हो सके।
काम करने लायक नहीं छोड़ूंगा
कलेक्टर ने सबसे पहली समीक्षा शहर के हाइवे की टूटी सड़क के रिपेयर पर शुरू की। उन्हें बताया गया कि सर्किट हाउस से सीताराम पेट्रोल पंप तक रिपेयर का काम रीवा के निविदाकार पाण्डेय द्वारा किया जा रहा है। कलेक्टर ने पाया कि एनएच के अधिकारियों ने अभी तक वर्कऑर्डर नहीं दिया है। उन्होंने लगातार गायब रहने वाले ठेकेदार पाण्डेय की क्लास ली। निगमायुक्त ने कहा कि लगातार आपसे संपर्क करने के बाद भी आप काम के लिए उपलब्ध नहीं हो रहे हैं। अगले दिनों में काम नहीं शुरू किए तो इन विभागों में काम करने लायक नहीं छोड़ूँगा। एनएच के अधिकारियों को कहा कि अगले दिन से ये काम शुरू नहीं करता है तो इसे ब्लैकलिस्टेड करें फिर देखता हूं कि ये पूरे संभाग में कैसे काम कर पाता है। ठेकेदार ने अगले दिन से काम की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही।
निगमायुक्त ने पटरी नीची करने में दी सहमति
निर्माण कार्य की बाधा के संबंध में एनएच के अधिकारियों ने बताया कि हम अभी सड़क रिपेयर कर भी देंगे तो यह फिर से उखड़ जाएगी। कारण, रोड की पटरी सड़क के लेवल से काफी ऊपर है और पानी सड़क पर ही भरता है। यही वजह है कि शहर के चिह्नित क्षेत्र में लगातार सड़क उखड़ रही है। इस पर कलेक्टर ने कहा कि जो भी काम करिए वह तकनीकी रूप से सही हो। निगमायुक्त ने भी माना कि पटरी नीचे हो जाएगी तो स्थायी समाधान होगा। कहा, अगले दिन से वे पटरी नीचे करने की प्रक्रिया शुरू करवा देंगे। जो छोटे-मोटे अवैध कब्जे हैं उन्हें भी हटा दिया जाएगा। पटरी के बाद के नाले का लेवल भी सही करवाने की बात कही। कलेक्टर ने कहा कि इसमें जो भी बाधा खड़ी करता है उस पर एफआइआर करवाएंगे।
एसडीओ को लगाई फटकार
कलेक्टर ने ओवरब्रिज के काम की समीक्षा शुरू की। कहा, आपका काम सबसे धीमा है। न तो फुटपाथ पूरा हो पा रहा न ही रोड का ब्लैक टॉप का काम शुरू कर रहे। ठेकेदार का भी पता नहीं। यही स्थिति रही तो आपके पीएस को मुझे लिखना पड़ेगा। इस पर एसडीओ देवयानी ने कहा कि वे काम करना चाह रही हैं लेकिन प्रशासन अतिक्रमण नहीं हटवा पा रहा। यह सुनते ही निगमायुक्त भड़क गए। कहा, आप अपना काम नहीं करवा पा रही और प्रशासन पर दोष मढ़ रही हैं। एक कागज में प्रतिलिपि भेज देने से काम नहीं होते। प्रशासन बैठ कर अगरबत्ती नहीं कर रहा। उसे तमाम काम करने होते हैं। कल से आप काम शुरू कराओ हम कल ही अतिक्रमण हटाते हैं। दिक्कत आप लोगों की यह है कि आप खुद काम का फालोअप नहीं करते हैं। ठेकेदार के पास पर्याप्त संसाधन और लेबर तक नहीं। अंत में कलेक्टर ने कहा कि कल से स्टे्रचिंग का काम शुरू करें। हम कल से ही अतिक्रमण हटवाएंगे। उन्होंने एसडीएम को इस संबंध में निर्देश दिए।
माधवगढ़ तक काम तेजी से पूरा करें
एनएच पर माधवगढ़ से सीताराम पेट्रोल पंप तक चल रहे फोरलेन सीसी रोड के काम को तेजी से करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त स्वीकृति के लिए पत्र लिखने के निर्देश कलेक्टर ने दिए।