सतना

satna: गैर पंजीकृत लोगों को जेएसओ ने बांट दी खाद्यान्न पात्रता पर्ची

जनपद सीईओ के प्रतिवेदन के बाद एसडीएम ने जारी किया नोटिस
2 min read
• •
Updated: 11 Feb 2022, 11:27 AM IST
satna: गैर पंजीकृत लोगों को जेएसओ ने बांट दी खाद्यान्न पात्रता पर्ची
satna: JSO distributed food eligibility slips to unregistered people

सतना। खाद्य विभाग के कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी बृजेन्द्र जडिय़ा पर कार्रवाई की तलवार लटक गई है। इन्होंने भवन संनिर्माण कर्मकार मंडल में गैर पंजीकृत लोगों को कर्मकार मंडल कोटे की खाद्यान्न पात्रता पर्ची जारी कर योजना का अनुचित लाभ देना शुरू कर दिया है। इस मामले में जनपद सीईओ के प्रतिवेदन के बाद एसडीएम अमरपाटन केके पाण्डेय ने जेएसओ जड़िया से स्पष्टीकरण मांगा है।

ग्रामीणों की शिकायत के बाद हुआ खुलासा

ग्राम ताला में पात्र लोगों को खाद्यान्न नहीं मिल पाने पर जब यहां के ग्रामीणों और प्रधान ने इसकी शिकायत जनपद सीईओ से की और बताया कि अपात्रों को खाद्यान्न बंट रहा है और पात्र लोग वंचित है। इस पर जनपद सीईओ ने जांच करवाई तो पाया कि कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी बृजेन्द्र जड़िया ने नियम विरुद्ध तरीके से उन 33 परिवारों को भवन संनिर्माण कर्मकार मंडल की खाद्यान्न सुरक्षा पर्ची दे दी है, जो भवन संनिर्माण कर्मकार मंडल में पंजीकृत ही नहीं है।

खुद प्रस्तावक, खुद सत्यापन और खुद स्वीकृति

भवन संनिर्माण कर्मकार मंडल की पात्रता पर्ची के लिये नियमानुसार ग्राम पंचायत प्रस्ताव देती है। इसके बाद जनपद पंचायत इसका सत्यापन करती है। इसके बाद जेएसओ या एएसओ इसकी स्वीकृति देते हैं। तब जाकर कर्मकार मंडल की खाद्यान्न सुरक्षा पर्ची बनती है। लेकिन जांच में पाया गया कि जेएसओ जड़िया खुद ही प्रस्तावक बन गये और खुद ही सत्यापन कर दिया और खुद ही स्वीकृतकर्ता बन कर 33 परिवारों को खाद्यान्न सुरक्षा पर्ची जारी कर दी। इससे पात्र लोग खाद्यान्न पाने से वंचित हो रहे हैं।

एसडीएम ने मांगा स्पष्टीकरण

जनपद सीईओ अमरपाटन के जांच प्रतिवेदन को एसडीएम अमरपाटन केके पाण्डेय ने गंभीरता से लिया है। मामले में जेएसओ जडिय़ा को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए 5 दिन में जवाब तलब किया है। उन्होंने बताया कि यह गंभीर अनियमितता है। जवाब आने के बाद संबंधित के विरुद्ध कार्यवाही प्रस्तावित की जाएगी।

Published on: