सतना

सतना वार्ड क्रमांक-21: जिस वार्ड को मिला स्वच्छता का पुरस्कार, वही अब गंदगी से पटा

सिंधी कैंप इलाके की नालियां चोक और सड़कें जर्जर, उपेक्षित दिख रही सब्जी मंडी

3 min read
May 26, 2018
Satna Nagar Nigam Ward No. 21 news in hindi
Satna Nagar Nigam Ward No. 21 news in hindi

सतना। जिस वार्ड को स्वच्छता सर्वेक्षण में पुरस्कृत किया गया, वही अब सफाई व्यवस्था को मुंह चिढ़ा रहा है। हम बात कर रहे हैं सिंधी कैम्प क्षेत्र स्थित वार्ड 21 की। इसे शहर का सबसे साफ वार्ड मानते हुए पुरस्कृत किया गया। हालांकि पुरस्कार मिलने के कुछ महीने बाद ही इस वार्ड की तस्वीर बदल गई। आज स्थिति यह है कि वार्ड की नालियां चोक हैं। सड़कों पर कचरे के ढेर लगे हैं।

दुर्गंध के कारण राहगीरों को निकलना मुश्किल होता है। सफाई के प्रति न कर्मचारी गंभीर नजर आते हैं और न ही निगम ध्यान देता। यहां सजने वाली सब्जी मंडी भी उपेक्षा का शिकार है। न तो पानी निकासी की कोई व्यवस्था है, न ही साफ-सफाई की। नाली का निर्माण कराया गया परंतु दुकानदारों ने नाली पर दासे बना लिए। ऐसे में मुश्किल भरा जीवन जीना पड़ रहा है।

सफाईकर्मियों की मनमानी
सिंधी कैम्प में सफाई करने के लिए 11 सफाईकर्मी नियुक्त हैं। इसके बावजूद वार्ड के एक बड़े हिस्से की सफाई नहीं हो पाती है। कारण, महज 4 कर्मचारी आते हैं। उनकी जहां मर्जी सफाई कर चले जाते हैं। किसी की सुनते भी नहीं हैं।

पानीदार है वार्ड
पत्रिका ने अब तक 20 वार्डों की स्थितियों को टटोला। हर वार्ड में पेयजल संकट देखने को मिला, परंतु वार्ड 21 में पानी की किल्लत नहीं मिली। इस पानीदार वार्ड से आसपास भी पानी मुहैया कराया जाता है। 2 टैंकर इसी में लगे रहते हैं। पीएचइ का फिल्टर प्लांट भी इसी क्षेत्र की सीमा में है।

पार्क बढ़ा रहा शोभा
निगम और आमजन की निगरानी में यहां के हेमू कालाणी पार्क की रौनक बनी हुई है। चारों तरफ पेड़ और समुचित संसाधन की व्यवस्था निगम की ओर से की गई है। स्थानीय रहवासी भी इस ओर ध्यान देते हैं। थोड़ी सी भी कमी होने पर लोग स्वयं इसे दूर करने आगे आते हैं। इस वार्ड का इकलौता पार्क शहर के अन्य वार्डों के पार्क के लिए आदर्श है।

दशकों से अधूरी मांग
पार्षद मनोहर आहूजा बताते हैं, हेमू कालाणी पार्क के सामने सुबह से लेकर शाम तक लेबर मंडी सजी रहती है। इनकी सुविधा के लिए नगर निगम को कई बार पत्र लिखा। मांग की गई कि लेबर मंडी अलग होनी चाहिए। जहां मूलभूत सुविधाएं भी हों। टीन शेड और पानी सहित शौचालय व्यवस्था हो। इससे मजदूरों को राहत मिलेगी।

हकीकत
- वार्ड का नाम- संत कंवरराम
- जनसंख्या- 5567
- अजा जनसंख्या- 220
- अजजा जनसंख्या- 56
- मतदाता- 3692
- पुरुष- 1970
- महिला- 1722
- पार्षद- मनोहर आहूजा

नालियों की सफाई न होने से परेशानी होती है। सड़कें चौड़ी होनी चाहिए। ताकि आम जनता को दिक्कत न हो।
तुलसी पंजवानी

नियमित नाली की सफाई न होने से परेशान होती है। जो नालियां हैं वह सही तरीके से नहीं बनी हैं। इस ओर निगम ध्यान दे।
गोलुमल गुजरानी

कई इलाकों में दिन को उजाला व रात को अंधेरा रहता है। सड़कों को खोद दिया गया है। इस कारण परेशानी का सामना करना पड़ता है।
बंसीधर नागदेव

सिंधी कैम्प सब्जी मंडी में सफाई नियमित नहीं होती है। कई बार शिकायत के बाद भी कोई सुधार नहीं हुआ है। नालियां बजबजा रही हैं।
संजय सुंदरानी

नालियों से पानी निकासी न होने के कारण सब्जी मंडी की हालत खराब होती जा रही है। कई बार शिकायत करने के बाद भी कोई सुधार नहीं हुआ है।
रमेश राजपाल

सब्जी मंंडी की नालियां बजबजा रही हैं। पानी निकासी नहीं होने के कारण बरसात के दिनों में काफी परेशानी होती है।
ज्ञानेंद्र साहू

कचरा गाड़ी नियमित न आने के कारण वार्ड में काफी दिक्कत होती है। पेयलज की पाइपलाइन पूरी तरह चालू नहीं हुई है।
सुरेश कुमार भागदेव

वार्ड में एक अच्छे पार्क की और आवश्यकता है। हेमू कालाणी पार्क में सभी प्रकार की सुविधाएं हैं। इसी तरह का एक और पार्क होना चाहिए।
छम्मन लाल

नालियों की सफाई न होने से दिक्कत होती है। पन्नी के कारण सभी नालियां जाम हैं। सफाईकर्मी द्वारा पन्नी नहीं निकाली जाती है।
विजय थड़ानी

पार्षद बोले
हमारे वार्ड में ज्यादा समस्या नहीं है। सफाई के प्रति लोगों को जागरुकता का परिचय देना होगा। हां, यह जरूर है कि सफाईकर्मी कम हैं।
मनोहर आहूजा, पार्षद

Published on:
26 May 2018 12:09 pm