तराई से दहशत का अंत: यूपी पुलिस का दावा डकैतों में गैंगवार से मौत
सतना/ मध्यप्रदेश की सतना पुलिस ने दस्यु सरगना बबुली कोल और उसके राइट हैण्ड लवलेश कोल जो बबुली का -साला है को एन्काउंटर में मार गिराने का दावा किया है। रीवा रेंज के आईजी चंचल शेखर के दावे को मानें तो रविवार की रात वीरपुर के जंगल में हुई मुठभेड़ में पुलिस ने 6 लाख के इनामी दस्यु सरगना बबुली कोल और लवलेश कोल को मार गिराया है। लेकिन, स्थानीय लोगों से इस घटनाक्रम की जो जानकारी सामने आ रही है वह पुलिस के दावे से इतर है।
शनिवार दिन को 3 बजे गैंगवार
जानकारों ने रविवार की शाम 6 बजे पत्रिका को इस घटना की जो जानकारी बताई है उसके अनुसार धारकुण्डी थाना क्षेत्र के तेलिया घाट डाड़ी पहाड़ में शनिवार दिन को 3 बजे गैंगवार हुई है। गैंगवार के वक्त जंगल में कुल 6 लोग मौजूद थे। उसमें दस्यु सरगना बबुली कोल और उसके राइट हैण्ड लवलेश के साथ गैंग का नया सदस्य लाली कोल भी था।
डकैत बबुली और लवलेश 6 राउण्ड फायर
बताया गया कि लाली पिता मालिक कोल निवासी हरसेड़ हाल ही में हुई घटनाओं से बबुली से नाराज था। इसी के चलते जंगल में उसने और उसके दो अन्य साथियों ने 6 राउण्ड फायर डकैत बबुली और लवलेश पर किए। फायरिंग के बाद लाली के दो साथी उत्तर प्रदेश की ओर भाग निकले और लाली भी अपने गांव की ओर भागा। बीच रास्ते में उसने इस घटना की जानकारी अपने मामा सौखीलाल को दी।
सतना पुलिस से साझा किया
सौखीलाल ने इस घटना से रामपुर निवासी राघवेन्द्र पटेल को अवगत कराया। वहां से एक जनप्रतिनिधि को घटना की खबर लगी। इसे उन्होंने सतना पुलिस से साझा किया। घटना की जानकारी मिलते ही सतना पुलिस एक्टिवेट हो गई और आनन-फानन लाली को अपनी कस्टडी में लिया। इसके बाद सतना पुलिस लाली को लेकर मारे गए डकैतों के शव तलाशने जंगल में उतर गई। इसके बाद से सतना पुलिस के आला अधिकारियों सहित आईजी, डीआईजी सभी के मोबाइल संपर्क से बाहर हो गए।
आईएस 262 गैंग फाइल क्लोज्ड
बबुली गैंग की पुलिस रिकार्ड में पहचान आइएस 262 के रूप में थी। हार्डकोर व कैजुअल मेंबर को मिला दिया जाए तो करीब 13 डकैत इस गैंग में शामिल थे। इसमें लवलेश सहित 6 सदस्य बबुली के करीबी थे। जिनसे वह बड़े निर्णय में सलाह लेता था।