सतना

सतना रेप केस: सड़क पर उतरी महिलाएं-बच्चियां, बोलीं-आरोपी को फांसी हो

परसमनिया रेपकांड: 10 दिन के अंदर ठोस सबूत के साथ चालान पेश करने की मांग
3 min read
• •
Updated: 7 Jul 2018, 11:51 AM IST
satna rep mamle me aaropi ko fasi ki saja ki mang ko lekar pradashan
satna rep mamle me aaropi ko fasi ki saja ki mang ko lekar pradashan

सतना। परसमनिया पठार में चार वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना को लेकर आक्रोश थम नहीं रहा है। शुक्रवार को पठार की 16 पंचायतों की महिलाओं और बच्चियों ने इस घटना के विरोध में प्रदर्शन किया। आरोपी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। परसमनिया चौकी प्रभारी को ज्ञापन सौंपा गया। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि 10 दिन में ठोस सबूत के साथ चालान प्रस्तुत नहीं किया गया तो पठार की 16 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण भूख हड़ताल पर बैठेंगे।

ये है मामला
शुक्रवार की सुबह से ही परसमनिया पठार की विभिन्न पंचायतों की महिलाएं परसमनिया में इकट्ठा होने लगी थीं। लगभग 11 बजे सभी महिलाओं और बच्चियों ने हाथों में तख्तियां लेकर गांव में रैली निकाली। गांव की हाइस्कूल के सामने प्रदर्शन किया। सभी रेपकांड के आरोपी महेन्द्र सिंह को फांसी की सजा की मांग कर रही थीं। प्रदर्शन के बाद इनके द्वारा परसमनिया चौकी प्रभारी को ज्ञापन सौंपा गया। उसमें आरोपी को फांसी की सजा दिलाने सहित मामले को फास्ट ट्रेक कोर्ट में चलाने की मांग की गई।

तो भूख हड़ताल करेंगे

कहा गया कि अगर दस दिन में ठोस सबूतों के साथ अगर पुलिस चालान पेश नहीं करती है तो परसमनिया पठार की पूरी 16 पंचायतों के ग्रामीण भूख हड़ताल शुरू करेंगे। प्रदर्शन में विमल यादव, सुन्दरलाल यादव, आशा गुप्ता, कौशिल्या चौधरी, अच्छेलाल यादव, राधा दहायत, रक्षा दहायत, प्रीति यादव, पुष्पा दहायत, मोतीलाल दहायत, दादूराम सिंह, अर्पणा पाण्डेय, नीलम पाण्डेय मौजूद रहे।

बंद हो शराब का अवैध कारोबार
प्रदर्शन में शामिल महिलाओं और बच्चियों द्वारा पठार में शराब के अवैध कारोबार के विरुद्ध भी विरोध जताया गया। इनके द्वारा कहा गया कि पूरे पठार में शराब का अवैध कारोबार संचालित हो रहा है। इसे तत्काल बंद करवाया जाए। शराब कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि पठार में शराब का कारोबार पूरी तरह बंद हो सके। परसमनिया में पुलिस पहरा बनाए है। शुक्रवार को फिर से एसडीओपी प्रभा किरण किरो परसमनिया पहुंचीं। कुछ ग्रामीणों से पूछताछ भी की गई है।

स्कूलों में दिखाएंगे फिल्म, समझाएंगे गुड-बैड टच
महिला बाल विकास विभाग द्वारा स्कूलों में बच्चों को बैड टच, गुड टच समझाने का प्रयास किया जाएगा। हर स्कूल में फिल्म दिखाई जएगी। हर ब्लॉक में प्रभारी भी बनाया गया है। सोमवार से नगरीय क्षेत्र सहित सभी ब्लॉकों में अभियान चलेगा। महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारियों के साथ स्वयंसेवी संगठन इसके लिए काम करेंगे। फिल्म के माध्यम से लैंगिग अपराध से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 में पाक्सो एक्ट के प्रति जागरुक किया जाएगा ताकि ऐसी कोई भी हरकत होने पर बच्चे अपने अभिभावकों को पूरी जानकारी दे सकें।

मासूम की सेहत में सुधार
इधर, पीडि़ता का उपचार एम्स में जारी है। उसकी सेहत में तेजी से सुधार हो रहा है। रिकवरी को देखते हुए डॉक्टर संतुष्ट हैं। ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर एम वाजपेयी ने शुक्रवार को पीडि़ता की सभी रिपोर्ट देखी। मॉनीटरिंग करने वाले डॉक्टरों से बात की। उन्हें बताया गया है कि मासूम के इंटरनल ऑर्गन तेजी से रिकवर कर रहे हैं। सभी रिपोर्ट सामान्य हैं।

सतत रूप से चलती रहेगी मॉनीटरिंग

आगामी एक-दो दिन में स्थिति बेहतर होगी। इसके बाद डॉक्टर वाजपेयी ने निर्देश दिए कि अभी एक-दो दिन तक बच्ची की मॉनीटरिंग सतत रूप से चलती रहेगी। तीनों डॉक्टर हर स्थिति पर नजर रखेंगे और हर स्थिति से अवगत कराएंगे। इसके बाद डॉक्टर वाजपेयी ने दिल्ली में नियुक्त मप्र के रेजिडेंट कमिश्नर आशीष श्रीवास्तव से बात की और उन्हें स्थिति से अवगत कराया।

चावल खाने से तकलीफ
सुबह राउंड पर आए डॉक्टर ने परिजनों को कहा कि पीडि़ता की स्थिति में सुधार हो रहा है। आप चाहें तो खाने के रूप में तरल पदार्थ व बिस्किट दे सकते हैं। लेकिन, परिजनों ने दाल-चावल खिला दिया। इसके कुछ देर बाद मासूम ने शौच जाने की बात कही। तकलीफ भी बढ़ गई। परिजनों ने डॉक्टर को सूचना दी तो नाराजगी जाहिर करते हुए स्थिति को संभाला गया। बताया गया कि स्थिति नियंत्रण में है।

टांका खुलने की बात सामने आई
मासूम के निजी अंग पर लगाया गया एक टांका खुल गया है। ये घटना शौच जाने के दौरान हुई। डॉक्टरों ने परीक्षण किया और पाया कि रक्तस्राव की स्थिति नहीं है। एक बार फिर ऑपरेट कर टांके को जोड़ दिया जाएगा।

कमर का दर्द बरकरार
मासूम की मां की मानें तो बच्ची बार-बार कमर में दर्द की शिकायत कर रही है। उन्होंने डॉक्टरों को भी बताया है। डॉक्टरों ने कहा कि सब ठीक हो जाएगा।

Published on: