Swami Sachidanand- सतना के धारकुंडी आश्रम के स्वामी परमहंस ब्रह्मलीन हुए
Swami Sachidanand- एमपी के प्रसिद्ध संत स्वामी परमहंस सच्चिदानंद महाराज का मुंबई में देवलोकगमन हो गया। वे 102 वर्ष के थे। स्वामी परमहंस सच्चिदानंद महाराज ने सतना जिले के धारकुंडी में आध्यात्मिक आश्रम स्थापित किया था। उन्हें सोमवार को विधि विधान से समाधि दी जाएगी। स्वामी परमहंस सच्चिदानंद महाराज के ब्रह्मलीन होने की खबर से श्रद्धालुओं में शोक पसर गया। स्वामी परमहंस सच्चिदानंद महाराज के अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग आश्रम पहुंच चुके हैं। इधर प्रशासनिक अधिकारी भी अंतिम दर्शन की व्यवस्थाओं और समाधि की तैयारियों का जायजा ले रहे हैं।
संत स्वामी परमहंस सच्चिदानंद महाराज दोपहर करीब 12 बजे ब्रह्मलीन हुए। उनकी पार्थिव देह मुंबई के बदलापुर आश्रम ले जाई गई। शनिवार शाम तक उन्हें धारकुंडी आश्रम लाया जाएगा। यहां श्रद्धालुओं के अंतिम दर्शन के बाद सोमवार को समाधि दी जाएगी।
स्वामी परमहंस सच्चिदानंद महाराज के देवलोकगमन की सूचना मिलते ही प्रशासन उनके अंतिम दर्शन की तैयारियों में जुट गया। बिरसिंहपुर के तहसीलदार शैलेन्द्र शर्मा, थाना प्रभारी शैलेन्द्र पटेल धारकुंडी आश्रम पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
समाधि के मौके पर आश्रम में बड़ी संख्या में अनुयायियों और संत-महात्मा के आने की संभावना है। इसे देखते हुए तैयारियां की जा रहीं हैं। धारकुंडी आश्रम प्रबंधन के अनुसार आश्रम में ही सोमवार को विधिपूर्वक समाधि दी जाएगी।
स्वामी परमहंस सच्चिदानंद महाराज करीब चार माह पहले चित्रकूट आए थे। तब उनके दर्शन के लिए लाखों लोग उमड़ पड़े थे।
बीजेपी के प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने स्वामी परमहंस सच्चिदानंद महाराज के देवलोकगमन पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने अपने एक्स हेंडल पर लिखा:
सतना स्थित धारकुंडी आश्रम के संस्थापक, स्वामी परमहंस सच्चिदानंद जी महाराज के देवलोक गमन का दुःखद समाचार मिला। उनका अवसान धर्म जगत के लिए बड़ी क्षति है।
ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में विश्रांति प्रदान करें तथा उनके अनुयायियों को इस कठिन घड़ी में संबल प्रदान करें।
मैं पूज्य परमहंस महाराज जी के चरणों में कोटिशः नमन करता हूँ।
ॐ शांति:।